mor36logo-desktop

रायपुर के बाजारों में पहुंची पाकिस्तानी ‘गोरी’ और ‘चांदनी’, 1.25 लाख का स्टॉक जब्त

रायपुर । के गोल बाजार स्थित एक कॉस्मेटिक दुकान पर ड्रग विभाग ने दबिश देकर पाकिस्तान में निर्मित 218 ‘गोरी क्रीम’ और 18 ‘चांदनी क्रीम’ जब्त की हैं।राजधानी के बाजारों में रातों-रात रंग निखारने के भ्रामक दावों के साथ प्रतिबंधित पाकिस्तानी ‘गोरी क्रीम’ बेचकर लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने का मामला सामने आया है। खाद्य एवं औषधि प्रशासन (ड्रग विभाग) की टीम ने शहर के प्रमुख व्यावसायिक केंद्र गोल बाजार में बड़ी कार्रवाई करते हुए इस अवैध कारोबार का भंडाफोड़ किया है। ‘ओम ब्यूटी सेंटर’ नामक दुकान पर की गई छापेमारी में टीम ने ‘मेड इन पाकिस्तान’ लेबल वाली 236 क्रीम जब्त की हैं, जिनमें सर्वाधिक 218 डिब्बे गोरी क्रीम के शामिल हैं। जब्त माल की कीमत करीब 1.25 लाख रुपये आंकी गई है।

218 ‘गोरी’ और 18 ‘चांदनी’ क्रीम बरामद   

विभागीय अधिकारियों के अनुसार, गोल बाजार में अवैध रूप से पाकिस्तानी सौंदर्य प्रसाधन बेचे जाने की गुप्त सूचना मिली थी। इसके आधार पर टीम ने संबंधित प्रतिष्ठान में दबिश दी, जहां से 218 डिब्बे ‘गोरी ब्यूटी क्रीम’ और 18 डिब्बे ‘चांदनी व्हाइटनिंग क्रीम’ बरामद हुए। पैकेजिंग की जांच में इनके पाकिस्तान में निर्मित होने की पुष्टि हुई है। अधिकारियों ने मौके से गोरी क्रीम के नमूने लेकर जांच के लिए राज्य प्रयोगशाला भेज दिए हैं। हालांकि, आसपास की अन्य दुकानों में भी जांच की गई, लेकिन वहां यह स्टॉक नहीं मिला।

केंद्रीय एजेंसी जारी कर चुकी है देशव्यापी अलर्ट

केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन (सीडीएससीओ) ने 8 सितंबर 2026 को ही देशव्यापी अलर्ट जारी कर गोरी और चांदनी क्रीम की बिक्री को भारत में पूरी तरह अनधिकृत घोषित किया था। इससे पहले न्यूजीलैंड की दवा नियामक संस्था ‘मेडसेफ’ और महाराष्ट्र एफडीए की जांच में भी गोरी क्रीम के नमूनों में पारा (मरकरी) और सीसा (लेड) जैसे घातक भारी धातुओं की मात्रा तय मानक से कई गुना अधिक पाई गई थी।

किडनी और नर्वस सिस्टम को सीधा नुकसान

विशेषज्ञों का कहना है कि इस तरह की अनधिकृत और मिलावटी क्रीम में मरकरी (पारा) की मात्रा सुरक्षित सीमा से कहीं अधिक होती है। त्वचा के माध्यम से शरीर में जाने वाला यह जहर सीधे किडनी को क्षतिग्रस्त करता है। इसका नर्वस सिस्टम पर भी अत्यंत घातक असर पड़ता है, जिससे गंभीर न्यूरोलॉजिकल विकार और यहां तक कि पैरालिसिस होने का खतरा भी रहता है।

Mor36garh

Mor36garh

Related News