तिल्दा नेवरा। छत्तीसगढ़ के तिल्दा थाना क्षेत्र से एक बेहद शर्मनाक घटना सामने आई है। जहां शादी समारोह में आई एक मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म किया गया। आरोपी युवक बच्ची को सुनसान जगह पर ले गया और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गया। घायल बच्ची को इलाज के लिए रायपुर एम्स में भर्ती कराया गया है। पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल है।
परिजनों के साथ शादी समारोह में शामिल हुई थी बच्ची
थाना क्षेत्र के ग्राम बहेसर में एक नाबालिग बच्ची के साथ दुष्कर्म की गंभीर घटना सामने आई है। मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता अपने परिजनों के साथ एक शादी समारोह में शामिल होने आई थी। बताया जा रहा है कि, रात के समय गांव के ही एक युवक ने बच्ची को अकेला पाकर उसे उठाकर सुनसान स्थान पर ले गया, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया और मौके से फरार हो गया।
परिजनों ने तत्काल पहुंचाया अस्पताल
घटना के बाद बच्ची घायल अवस्था में मिली, जिसके बाद परिजनों ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे रायपुर स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) रेफर किया गया, जहां उसका इलाज जारी है। जानकारी मिली है कि, एम्स में बच्ची की दो सर्जरी हुई है। अभी बच्ची की स्थिति सामान्य है। सूत्रों के अनुसार, बच्ची बाहरी क्षेत्र से अपने परिजनों के साथ कार्यक्रम में आई थी, जिससे वह आरोपी की पहचान नहीं कर पाई।
मामले की जांच जारी
इधर, घटना को लेकर क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच जारी है। अधिकारियों ने कहा है कि, दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
सब की निगाहें प्रशासन पर
एक तरफ जहां समाज में बेटियों की सुरक्षा को लेकर बड़े-बड़े दावे किए जाते हैं। वहीं ऐसी घटनाएं उन दावों पर सवाल खड़े कर देती हैं। आखिर कब सुरक्षित होंगी मासूम बेटियां…? और कब थमेगा ऐसे अपराधों का सिलसिला…? फिलहाल, सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि, आरोपी को कितनी सख्त सजा मिलती है।





