mor36garh-logo

बलौदा बाजार जिले में बैटरी चोरों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा

बलौदा बाजार जिले में बैटरी चोरों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा। जबकि एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है और वहीं मुख्य आरोपी अब भी पकड़ से दूर है।

बलौदा बाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदा बाजार जिले में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। खासकर बैटरी चोरों का गिरोह लगातार सक्रिय बना हुआ है, जिससे वाहन मालिकों में दहशत का माहौल है।

घटना के बाद से इलाके में मचा हड़कंप
मिली जानकारी के अनुसार, ताजा मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के सकरी बाईपास का है, जहां खड़े एक ट्रक से चोरों ने दो बैटरियों के साथ-साथ रोजमर्रा के उपयोग का सामान पार कर दिया। जिसकी कुल कीमत 50 हजार रुपये बताई जा रही है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

मुख्य आरोपी को पकड़ने में पुलिस असफल
बताया जा रहा है कि, इससे पहले भी आधा दर्जन चार पहिया वाहनों की बैटरी चोरी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। पुलिस ने पूर्व में एक आरोपी को गिरफ्तार किया था, लेकिन इस गिरोह का मुख्य आरोपी अब भी गिरफ्त से बाहर है।

वाहन मालिकों में भय का माहौल
लगातार हो रही वारदातों से वाहन मालिकों में डर का माहौल है और वे अपनी गाड़ियों की सुरक्षा को लेकर चिंतित नजर आ रहे हैं। वहीं, पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं कि आखिर बार-बार हो रही चोरी की घटनाओं पर अंकुश क्यों नहीं लग पा रहा है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से जल्द कार्रवाई कर मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी और चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने की मांग की है।

Mor36garh

Mor36garh

Related News