रायपुर। तेलीबांधा थाना क्षेत्र की विधायक कालोनी में विंग कमांडर विपुल यादव की खुदकुशी प्रकरण में पुलिस ने मृतक की पत्नी अर्जिता श्रीवास्तव के खिलाफ आत्महत्या के लिए प्रेरित करने का अपराध दर्ज किया है। आरोप है कि पत्नी की शारीरिक मानसिक प्रतड़ना से परेशान होकर विंग कमांडर ने फांसी लगाकर खुदकुशी की थी।
विंग कमांडर ने 10-11 मार्च को खुदकुशी की थी। विंग कमांडर की लाश सबसे पहले घर में काम करने आने वाली बाई ने देखी। काम करने वाली बाई विंग कमांडर को चाय देने गई, तब विंग कमांडर को उसने फांसी के फंदे पर लटकते देखा। इसके बाद काम वाली बाई ने पड़ोसियों की मदद से पुलिस को घटना की जानकारी दी।
विपुल मानसिक रूप से रहता था परेशान
विंग कमांडर ने अर्जिता के साथ वर्ष 2014 में लव मैरिज की थी। मृतक के पिता ने आरोप लगाया है कि विवाह के बाद से ही विपुल को उसकी पत्नी अपमानित करने के साथ प्रताड़ित करती थी, जिससे विपुल मानसिक रूप से परेशान रहता था।
मांग करने का आरोप
मृतक के परिजनों ने पुलिस को सीडी और अन्य साक्ष्य भी सौंपे हैं, जिसमें मृतक की पत्नी द्वारा मारपीट करने और अपमानजनक व्यवहार करने के वीडियो साक्ष्य के रूप में दिए जाने की जानकारी मिली है। आरोप है कि अर्जिता श्रीवास्तव ने बेंगलुरु में प्रापर्टी खरीदने के लिए मृतक पर दबाव बनाया और उनसे करीब 50 लाख रुपए भी लिए। इसके बावजूद अर्जिता पर मृतक के परिजनों ने प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं।
विपुल यादव ने अपनी पत्नी को कई बार किया फोन
जांच में यह भी सामने आया है कि, आत्महत्या से पहले विपुल यादव ने अपनी पत्नी को कई बार फोन किया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं किया गया। इससे उनकी मानसिक स्थिति और बिगड़ी। पत्नी से बात नहीं हो पाने पर विपुल द्वारा तनाव में आकर खुदकुशी किए जाने की बात सामने आई है।





