mor36garh-logo

अक्षय तृतीया है कल, जानें इस दिन क्या करें और क्या न करें?

19 अप्रैल, रविवार को अक्षय तृतीया का पावन पर्व मनाया जाएगा. इस दिन हर शुभ कार्य और किसी भी नए काम की शुरुआत करना अत्यंत शुभ माना जाता है. हालांकि, कुछ ऐसी बातें भी हैं जिनका ध्यान न रखने पर किए गए शुभ कार्यों पर नकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है. ऐसे में इस दिन किन बातों का विशेष ध्यान रखना चाहिए, आइए जानते हैं.

हिंदू धर्म में अक्षय तृतीया को ‘अखा तीज’ भी कहा जाता है. यह हिंदू धर्म की सबसे शुभ और मंगलकारी तिथियों में से एक मानी जाती है. कहा जाता है कि यह दिन इतना पवित्र होता है कि इस दिन किसी भी शुभ कार्य को करने के लिए अलग से शुभ मुहूर्त की आवश्यकता नहीं पड़ती. शास्त्रों के अनुसार, इस दिन किए गए शुभ कार्यों का फल कभी समाप्त नहीं होता, इसलिए इसे ‘अक्षय’ कहा जाता है.

अक्षय तृतीया के दिन क्या करें?

  • ब्रह्म मुहूर्त में स्नान: अक्षय तृतीया के दिन नदियों में स्नान करना शुभ माना जाता है. इस दिन सुबह सूर्योदय से पहले उठकर पवित्र नदी में स्नान करें. यदि नदी जाना संभव न हो, तो घर पर ही पानी में गंगाजल मिलाकर स्नान करें.
  • दान: इस दिन दान करना बेहद शुभ माना जाता है. मान्यता है कि इस दिन दान करने से घर में सुख-समृद्धि आती है. आप जरूरतमंदों को जल से भरा घड़ा, सत्तू, पंखा, छाता और अनाज का दान कर सकते हैं.
  • सोना या संपत्ति की खरीदारी: अक्षय तृतीया पर सोना, चांदी या किसी नई संपत्ति की खरीदारी करना बहुत शुभ माना जाता है. कहा जाता है कि इससे घर में माता लक्ष्मी का आगमन होता है.
  • श्रीहरि और मां लक्ष्मी की पूजा: पीले वस्त्र धारण कर भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी की पूजा करें. उन्हें पीले फूल, चंदन और सत्तू का भोग लगाएं. मान्यता है कि इससे जीवन में सकारात्मकता और खुशहाली आती है.

अक्षय तृतीया के दिन क्या न करें?

  • अंधेरा न रखें: शाम के समय घर के मुख्य द्वार और पूजा घर में अंधेरा न रहने दें. दीया जलाकर रोशनी करें.
  • तामसिक भोजन से बचें: इस दिन मांस, मदिरा, प्याज और लहसुन का सेवन न करें.
  • उधार का लेन-देन: मान्यता है कि इस दिन किसी को पैसा उधार देने से घर की लक्ष्मी चली जाती है और उधार लेने से साल भर कर्ज का बोझ बना रहता है.
  • क्रोध और कलह से बचें: घर में शांति बनाए रखें. किसी से विवाद या अपशब्दों का प्रयोग न करें, क्योंकि मां लक्ष्मी अशांत घर में वास नहीं करतीं.
  • चमड़े की वस्तुएं न खरीदें: इस दिन बेल्ट, जूते या पर्स जैसी चमड़े की चीजें खरीदने से बचना चाहिए.
Mor36garh

Mor36garh

Related News