रायपुर। नया रायपुर के पलौद इलाके में नहर में नहाने गई तीन नाबालिग बहनें तेज बहाव में बह गईं। स्थानीय महिलाओं ने दो बहनों को तो बचा लिया, लेकिन 13 साल की एक बच्ची अब भी लापता है। घटना से क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल है और पुलिस व रेस्क्यू दल लगातार खोजबीन में जुटे हैं।
हादसा कैसे हुआ
सुबह तीनों बहनें पलौद स्थित नहर में नहाने गई थीं। जैसे ही वे पानी में उतरीं, नहर में अचानक तेज बहाव आ गया। देखते ही देखते तीनों बहनें गहरे पानी की ओर बहने लगीं। मौके पर मौजूद महिलाओं ने शोर सुनकर तुरंत दो बच्चियों को बाहर निकाल लिया, लेकिन तीसरी बच्ची तेज बहाव में दूर चली गई।
लापता बच्ची आई थी छुट्टियां मनाने
जानकारी के अनुसार, लापता 13 वर्षीय नाबालिग बच्ची सेजबहार की रहने वाली है। वह छुट्टियां मनाने अपनी बुआ के पलौद स्थित घर आई थी। शुक्रवार की सुबह उसकी बहनों के साथ नहर में नहाने गई थी, तभी हादसा हो गया।
रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
घटना की सूचना मिलते ही राखी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। SDRF और स्थानीय गोताखोरों की टीम नहर के तलाशी अभियान में जुटी है। पानी की गहराई और तेज बहाव के कारण खोजबीन में दिक्कतें आ रही हैं। पुलिस ने आसपास के ग्रामीणों से भी मदद ली है।
घटना के बाद पलौद और आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से नहरों पर सुरक्षा को लेकर ठोस इंतजाम की मांग की है। परिवार के लोग बच्ची को सुरक्षित मिलने की उम्मीद लगाए बैठे हैं।





