महिंद्रा एंड महिंद्रा ने लागत में बढ़ोतरी का हवाला देते हुए गाड़ियों की कीमत बढ़ाने का फैसला किया है। हाल ही में लॉन्च हुई XUV7XO के लिए कीमत बढ़ोतरी को लेकर भी अपनी बात रखी है।
घरेलू ऑटोमोबाइल कंपनी महिंद्रा एंड महिंद्रा ने शुक्रवार को कहा कि वह अपनी गैर-इलेक्ट्रिक (ICE पावर्ड) एसयूवी और ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन की कीमतों में 6 अप्रैल से 2.5 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी करेगी। पीटीआई की खबर के मुताबिक, कंपनी ने इस बढ़ोतरी का कारण कच्चे माल और उत्पादन लागत में बढ़ोतरी बताई। कंपनी के बयान के अनुसार कि महिंद्रा एंड महिंद्रा ने अपनी ICE एसयूवी और CV सीरीज में सबसे ज्यादा 2.5 प्रतिशत की कीमत बढ़ोतरी की घोषणा की है, जिसमें पूरे पोर्टफोलियो में औसत बढ़ोतरी 1.6 प्रतिशत है।
XUV7XO को लेकर जानें क्या कहा
खबर में यह भी कहा गया है कि हाल ही में लॉन्च हुई XUV7XO के लिए कीमत बढ़ोतरी उस समय लागू होगी जब पहले 40,000 प्राइस-प्रोटेक्टेड बुकिंग की डिलीवरी पूरी हो जाएगी। रिपोर्ट में कहा गया है कि टाटा मोटर्स, JSW MG मोटर इंडिया, BMW, ऑडी इंडिया और मर्सिडीज-बेंज जैसे विभिन्न ऑटो निर्माता ने भी बढ़ती इनपुट लागत के कारण 1 अप्रैल से अपने ट्रांसमिशन की कीमतें बढ़ा दी हैं।
महिंद्रा की बिक्री रही शानदार
महिंद्रा एंड महिंद्रा लिमिटेड की मार्च में कुल बिक्री, जिसमें एक्सपोर्ट भी शामिल है, पिछले साल के मुकाबले 21 प्रतिशत बढ़कर 99,969 यूनिट हो गई। इस घरेलू ऑटो कंपनी ने मार्च 2025 में 82,431 गाड़ियां – SUV और LCV – बेची थीं। इस महीने में SUV की घरेलू बिक्री 25 प्रतिशत बढ़कर 60,272 यूनिट हो गई, जो एक साल पहले 48,048 यूनिट थी। कंपनी ने बताया कि एक्सपोर्ट को मिलाकर SUV की कुल बिक्री 62,109 यूनिट रही। पिछले महीने कमर्शियल गाड़ियों की घरेलू बिक्री 24,928 यूनिट रही, जो पिछले साल मार्च के मुकाबले 11 प्रतिशत ज़्यादा है। कंपनी ने बताया कि पूरे साल के हिसाब से, FY26 में SUV की बिक्री 20 प्रतिशत बढ़कर 6,60,276 यूनिट हो गई, जबकि FY25 में 5,51,487 यूनिट बिकी थीं।
1 अप्रैल से ऑटो सेक्टर में कई बदलाव लागू हुए हैं
1 अप्रैल से ऑटो सेक्टर में काफी बदलाव लागू हो गए हैं। तमाम कार कंपनियों ने 1 अप्रैल से अपनी गाड़ियों की कीमतों में इजाफा को लागू कर दिया है। इसमें घरेलू और विदेशी कार कंपनियां दोनों ही शामिल हैं। गाड़ियों के दाम में 0.50 प्रतिशत से लेकर 3 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी हुई है। पूरे देश में ई20 पेट्रोल को अनिवार्य कर दिया गया है। साथ ही सरकार की कोशिश है कि इथेनॉल ब्लेंडिंग से प्रदूषण को कैसे कम किया जाए।





