mor36garh-logo

हनुमान जन्मोत्सव…छत्तीसगढ़ के मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना:सुबह 5 बजे आरती से शुरुआत, भंडारे की तैयारी, दर्शन के लिए भक्तों की लगी भीड़

छत्तीसगढ़ में हनुमान जन्मोत्सव श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर समेत कई जिलों में श्री संकट मोचन वीर हनुमान मंदिरों में पूजा-अर्चना और धार्मिक कार्यक्रम किए जा रहे। साथ ही मंदिरों के बाहर दर्शन के लिए भक्तों की भीड़ लगी हुई है।

मंदिर समिति के अनुसार, श्री संकट मोचन वीर हनुमान मंदिर में सुबह 5 बजे विशेष जन्मोत्सव आरती के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। इसके बाद सुबह 8 बजे दैनिक आरती, दोपहर 12 बजे भोग-राग आरती और रात 8 बजे महाआरती होगी।

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में स्थित श्री बजरंग पंचायत मंदिर आस्था के साथ-साथ न्याय की अनोखी परंपरा का केंद्र रहा है। अंग्रेज शासनकाल से हनुमानजी को साक्षी मानकर पंचायत लगती थी, जहां धर्म-जाति से ऊपर उठकर सभी समाज के लोग फैसले मानते थे। यह परंपरा आज भी लोगों के विश्वास और एकता का प्रतीक है।

शहर के मगरपारा-तालापारा क्षेत्र में स्थित श्री बजरंग पंचायत मंदिर केवल धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय का ऐतिहासिक केंद्र भी रहा है। लगभग 100 साल से अधिक पुराने इस मंदिर में हनुमानजी को साक्षी मानकर पंचायत लगती थी, जहां गांव और शहर के लोग अपने विवाद लेकर पहुंचते थे।

उस समय जब अदालतों तक पहुंच आसान नहीं थी, तब यहां होने वाले फैसलों को अंतिम और सर्वमान्य माना जाता था। खास बात यह रही कि इस पंचायत में हिंदू-मुस्लिम समेत सभी समाज के लोग शामिल होते थे और बिना किसी भेदभाव के न्याय किया जाता था।

भिलाई: हनुमान मंदिर में सुबह से लगी भीड़, भजन गाए जा रहे

भिलाई के सेक्टर-9 हनुमान मंदिर में सुबह से ही भक्तों की भीड़ लगनी शुरू हो गई थी। पूजा अर्चना के बाद भजन भी गए जा रहे हैं। भक्तों की लंबी कतारें लगी हुई है।

सरस्वती चौक में अखाड़ा शुभारंभ और महाआरती

सरस्वती क्रीड़ा और सांस्कृतिक समिति की ओर से सरस्वती चौक में शाम 5:30 बजे जय सरस्वती मारुति व्यायाम शाला का शुभारंभ किया जाएगा। इस अवसर पर मुख्य अतिथि बृजमोहन अग्रवाल और अध्यक्षता सुनील सोनी करेंगे। इसके बाद शाम 6:30 बजे महाआरती और भंडारे का आयोजन होगा।

हनुमान चालीसा का होगा पाठ

संजय नगर स्थित श्री राधा कृष्ण मंदिर में हनुमान जयंती के अवसर पर भव्य धार्मिक आयोजन किया जाएगा। मंदिर समिति की ओर से लगातार दूसरे वर्ष हनुमान चालीसा के अखंड 108 पाठ का आयोजन रखा गया है।

Mor36garh

Mor36garh

Related News