mor36garh-logo

दिव्यांगजनों के लिए आरक्षण में 2% की वृद्धिः CM डॉ. मोहन यादव ने कहा- इनकी मदद करना हमारी ड्यूटी

भोपाल।  मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दिव्यांगजन को नियुक्ति पत्र तथा अन्य हितलाभ वितरण कार्यक्रम में शामिल हुए. कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम ने कहा कि हमारे धर्मग्रंथों में बताया गया है कि 84 लाख योनियों में जन्म संभव है. जन्म, प्रारब्ध और कर्मों पर आधारित होता है. परमात्मा हमें जैसा बनाकर भेजता है, उसी के साथ वह हमें कुछ विशेष गुण भी देता है. जिससे हम जीवन में अवसरों का श्रेष्ठतम उपयोग कर सकें.

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन ने कहा कि परम पूज्य रामभद्राचार्य से आप किसी भी ग्रंथ पर बात कर लो. वे रामायण, महाभारत, गीता, उपनिषद, वेद इत्यादि पर इत्यादि पर अंकित धार्मिक जानकारियां पेज नंबर और पंक्ति सहित बता देते हैं. ऐसे ही हमारे बीच अष्टावक्र का उदाहरण आता है. अष्टावक्र अपने पिताजी को शास्त्रार्थ में हरा देते हैं. हमारे मध्य हजारों उदाहरण हैं. जिनसे हम कुछ सीख सकते है.

आधुनिक साइंस की दृष्टि से सारी बातें हो रही सिद्ध

सीएम ने कहा कि आज नहीं तो कल बहुत सारी चीजें भविष्य में सही साबित होगी. 200-300 साल पहले हम कहते थे तो कोई मानता नहीं था कि पुष्पक विमान होगा. ऐसे ही महाभारत के युद्ध में जो मैदान में नहीं रहे और धृतराष्ट्र को पूरा दृश्य दिखा दें, ऐसे ही आज हम विजुअल के माध्यम से सारा दृश्य देख रहे हैं. आज आधुनिक साइंस की दृष्टि से वह सारी बातें सिद्ध हो रही है.

अष्टावक्र के बचपन का उल्लेख

मुख्यमंत्री ने कहा कि अष्टावक्र बचपन में ही शास्त्रार्थ में अपने पिता को पराजित करते थे. जब वे सभा में पहुंचे, तो लोग उनकी शारीरिक बनावट पर हंसे. जब परमात्मा किसी में कोई एक कमी देता है, तो कई अन्य विशेषताएं भी प्रदान करता है. ताकि वह अपनी उपयोगिता को साबित कर सके. ऐसे लोगों को अवसर देकर उनकी प्रतिभा को और अधिक निखारा जा सकता है.

दिव्यांगजनों की मदद करना हमारी ड्यूटी

सीएम ने आगे कहा, सरकार ने दिव्यांगजनों के लिए आरक्षण में 2% की वृद्धि की है. हमारी संस्कृति “सर्वे भवन्तु सुखिनः, सर्वे सन्तु निरामया” की भावना पर आधारित है अर्थात सबका सुख और स्वास्थ्य सुनिश्चित हो. हमारी छोटी सी मदद करने से उनकी जिंदगी में बदलाव आ जाता है. दिव्यांग जनों की मदद करना हमारी ड्यूटी है. इस प्रकार की सेवा करके सरकार गौरवान्वित होती है.

Mor36garh

Mor36garh

Related News