mor36garh-logo

रायपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 209 गैस सिलेंडर जब्त

रायपुर।  रायपुर पुलिस ने अवैध गैस सिलेंडर भंडारण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए धर्मेंद्र सोनी को गिरफ्तार किया है. खमतराई थाना क्षेत्र के गोवर्धन नगर में एक प्लॉट और चार पहिया वाहन में भारी मात्रा में कमर्शियल गैस सिलेंडरों का अवैध भंडारण पाया गया. इस कार्रवाई में पुलिस ने 209 गैस सिलेंडर और एक वाहन जब्त किया, जिनकी कुल कीमत लगभग 7.5 लाख रुपये आंकी गई है.

पुलिस को 20 अप्रैल 2025 को एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट के माध्यम से सूचना मिली थी कि गोवर्धन नगर में एक व्यक्ति अवैध रूप से गैस सिलेंडरों का भंडारण कर रहा है. वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और खमतराई थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी की. मौके पर धर्मेंद्र सोनी (35 वर्ष, निवासी गुढ़ियारी, रायपुर) को पकड़ा गया, जो एक छोटा हाथी वाहन (क्रमांक CG 04 MY 6534) में सिलेंडरों का भंडारण किए हुए था.

पूछताछ में धर्मेंद्र सोनी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका. पुलिस ने उसके कब्जे से पूर्ति गैस, सीजी गैस, इंडेन गैस, भारत गैस, एचपी गैस, गो गैस, और ब्लू गैस कंपनियों के 209 कमर्शियल सिलेंडर जब्त किए. इसके साथ ही उक्त वाहन भी जब्त किया गया. आरोपी के खिलाफ खमतराई थाने में अपराध क्रमांक 367/25, धारा 3, 7 आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 के तहत मामला दर्ज किया गया है.

कार्रवाई में इनकी रही अहम भूमिका

इस ऑपरेशन में खमतराई थाना प्रभारी निरीक्षक सचिन सिंह, एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट के प्रभारी निरीक्षक परेश कुमार पांडेय, उपनिरीक्षक सतीश पुरिया, प्र.आर. कुलदीप द्विवेदी, आर. संदीप सिंह, वीरेंद्र बहादुर सिंह, अविनाश देवांगन, हिमांशु राठौड़, अविनाश टंडन, और खमतराई थाने से उपनिरीक्षक प्रहलाद राठौर ने महत्वपूर्ण योगदान दिया.

Mor36garh

Mor36garh

Related News

Recent News