mor36garh-logo

कन्हेरा गांव में गायों की संदिग्ध मौत: कांग्रेस ने सरकार पर साधा निशाना, 5 सदस्यीय जांच समिति का किया गठन

रायपुर। राजधानी के उरला औद्योगिक क्षेत्र स्थित ग्राम कन्हेरा में 6 गायों की संदिग्ध मौत का मामला सामने आने के बाद प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) ने इसे गंभीरता से लेते हुए राज्य सरकार पर लापरवाही का आरोप लगाया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने इस घटना की जांच के लिए पूर्व प्रदेश अध्यक्ष धनेंद्र साहू के नेतृत्व में पाँच सदस्यीय जांच समिति का गठन किया है।

कांग्रेस का आरोप है कि शासकीय गौठान को बंद कर दिए जाने के कारण बड़ी संख्या में गायें भटकने को मजबूर हो गईं, जिससे अब तक लगभग 50 गायों की मौत हो चुकी है। पार्टी ने इसे शासन की घोर लापरवाही बताया है।

जांच समिति में शामिल सदस्य:

धनेंद्र साहू – संयोजक एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष

छाया वर्मा – पूर्व सांसद

अनिता शर्मा – पूर्व विधायक

पंकज शर्मा – पूर्व जिला अध्यक्ष

उधोराम वर्मा – अध्यक्ष, जिला कांग्रेस कमेटी

PCC द्वारा जारी आदेश में समिति को निर्देशित किया गया है कि वह तत्काल कन्हेरा गांव का दौरा कर स्थानीय ग्रामीणों से मुलाकात करे, घटनास्थल की वस्तुस्थिति की जांच कर विस्तृत रिपोर्ट जल्द से जल्द पार्टी को सौंपे। कांग्रेस ने इस घटना को गौवंश के साथ अमानवीय व्यवहार करार देते हुए राज्य सरकार से जवाबदेही तय करने और दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग की है।

Mor36garh

Mor36garh

Related News

Recent News