mor36garh-logo

CASA के पदाधिकारियों का हुआ चयन, अजय त्रिपाठी बने अध्यक्ष, उमाशंकर बंदे महासचिव, नवीन भगत कोषाध्यक्ष

रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य प्रशासनिक सेवा संघ (CASA) के पदाधिकारियों को शनिवार को एक होटल में आयोजित कार्यक्रम में चयन किया गया. अध्यक्ष अजय त्रिपाठी के अलावा महासचिव उमाशंकर बंदे, सहसचिव धनंजय नेताम, कोषाध्यक्ष नवीन भगत चुने गए.

छत्तीसगढ़ राज्य प्रशासनिक सेवा संघ की ओर से शनिवार को सम्मान समारोह और सूफी नाइट आयोजित किया गया था. इसका उद्देश्य- नए चयनित अधिकारियों, आईएएस पदोन्नत अधिकारियों और सेवानिवृत्त अधिकारियों का सम्मान करना और निर्वाचन के माध्यम से नए पदाधिकारियों को संघ का दायित्व सौंपना था.

सम्मेलन को बतौर मुख्य अतिथि मौजूद उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि शासन की योजनाओं को हर वर्ग तक पहुंचाने में प्रशासनिक अधिकारियों की भूमिका महत्वपूर्ण है. विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित करने में भी राज्य के प्रशासनिक अधिकारी कुशल हैं. हमेशा मुस्कुराते हुए चुनौतियों का सामना करने की आदत होनी चाहिए, क्योंकि प्रशासनिक तंत्र का स्वरुप ऐसा है कि टीम जब काम करती है तब सफलता निश्चित है.

बतौर वक्ता पत्रकार सौरभ द्विवेदी ने कहा कि प्रशासनिक अधिकारी तक अगर पहुंच सहज और सुलभ हो तो फरियादी का आधा दर्द वहीं खत्म हो जाता है, उसे सहारा मिल जाता है. यदि फरियादी की समस्या ध्यान से सुनकर उन्हें नीतिगत और वैधानिक तथ्यों को समझाया जाए तो दोनों ही पक्ष के लिए काम करना आसान हो जाता है.

इस अवसर पर आईएएस पदोन्नत हुए संतोष कुमार देवांगन, आशुतोष पांडेय, हीना अनिमेश नेताम, लोकेश चंद्राकर, रीता यादव, प्रकाश कुमार सर्वे के अलावा सेवानिवृत्त हुए प्रमोद शांडिल्य, ओंकार यदु, संजय दीवान, अशोक कुमार घृतलहरे, जोगेंद्र नायक का सम्मान किया गया. इनके अलावा नए चयनित डिप्टी कलेक्टर्स 2024 बैच की ओर से प्रतिनिधित्व कर रहे शुभांगी गुप्ता और शुभम देव सम्मानित हुए.

इस दौरान छत्तीसगढ़ पीएससी से डिप्टी कलेक्टर बने सभी बैच के लिए कोऑर्डिनेटर्स नियुक्त किए गए हैं, ये संघ के कार्यक्रमों और योजनाओं के बारे में अपने बैच के अन्य अधिकारियों सूचित करेंगे और संघ के साथ समन्वय स्थापित करेंगे. इसी तरह अन्य दायित्वों के लिए अधिकारियों का मनोनयन किया गया है.

Mor36garh

Mor36garh

Related News