रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने छत्तीसगढ़ी राजभाषा दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने छत्तीसगढ़ी भाषा को प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत, परंपरा और स्वाभिमान का प्रतीक बताते हुए इसके संरक्षण एवं संवर्धन पर जोर दिया। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ी भाषा में प्रदेश की माटी की सोंधी महक, पुरखों के संस्कार और यहां की आत्मीयता समाहित है। लोकगीतों, लोककथाओं, तीज-त्योहारों और पारंपरिक रीति-रिवाजों में छत्तीसगढ़ी भाषा की मिठास और समृद्ध सांस्कृतिक पहचान स्पष्ट रूप से दिखाई देती है।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ी भाषा पीढ़ियों से हमारी संस्कृति और जीवन मूल्यों को सहेजते हुए लोगों को अपनी जड़ों से जोड़ने का काम कर रही है। किसी भी भाषा की वास्तविक समृद्धि उसके व्यापक उपयोग और नई पीढ़ी के साथ जुड़ाव में निहित होती है। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे अपनी मातृभाषा पर गर्व करें और दैनिक व्यवहार, साहित्य, शिक्षा तथा रचनात्मक अभिव्यक्ति में छत्तीसगढ़ी भाषा का अधिकाधिक उपयोग करें। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ी राजभाषा दिवस के अवसर पर सभी प्रदेशवासी मातृभाषा के मान-सम्मान को बढ़ाने तथा इसके संरक्षण और संवर्धन का संकल्प लें, ताकि छत्तीसगढ़ी भाषा की मिठास और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत आने वाली पीढ़ियों तक अक्षुण्ण बनी रहे।





