mor36logo-desktop

बच्चों के बेहतर भविष्य की पहल, नंद घरों का निरीक्षण कर गुजरात की मंत्री से की चर्चा

गुजरात। छत्तीसगढ़ के हर बच्चे को बेहतर पोषण, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सुरक्षित बचपन उपलब्ध कराने के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने अपने गुजरात प्रवास के दौरान गांधीनगर यूनिट-2 के ग्राम करई स्थित नंद घरों (आंगनवाड़ी केंद्रों) का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने आंगनवाड़ी केंद्रों में बच्चों को उपलब्ध कराई जा रही पोषण, स्वास्थ्य एवं प्रारंभिक शिक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लिया और वहां मौजूद सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की। मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने नंद घरों की कार्यप्रणाली को करीब से समझा। उन्होंने बच्चों की खिलखिलाहट, सीखने की जिज्ञासा और उनके बेहतर भविष्य के लिए किए जा रहे प्रयासों का अवलोकन किया। उन्होंने समझा कि नंद घर केवल सेवा केंद्र नहीं हैं, बल्कि बच्चों के शुरुआती जीवन को संबल देने और माताओं तक जरूरी सहयोग पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। यहां बच्चों को मिलने वाली देखभाल और सीखने का सकारात्मक वातावरण उनके आत्मविश्वास एवं सर्वांगीण विकास की नींव मजबूत करता है।

गुजरात सचिवालय में महिला एवं बाल विकास मंत्री से की मुलाकात

गुजरात प्रवास के दौरान गांधीनगर स्थित सचिवालय में मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने गुजरात की महिला एवं बाल विकास (महिला एवं बाल कल्याण) मंत्री स्वतंत्र प्रभार डॉ. मनीषा राजीवभाई वकील से सौजन्य भेंट की। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ की सामरी विधानसभा क्षेत्र की विधायक श्रीमती उद्देश्वरी पैकरा भी उपस्थित रहीं। बैठक में गुजरात के महिला एवं बाल विकास विभाग के सचिव राकेश शंकर तथा छत्तीसगढ़ की विभागीय संचालक डॉ. रेणुका श्रीवास्तव भी मौजूद रहीं। इस दौरान दोनों राज्यों में संचालित विभागीय योजनाओं, आंगनवाड़ी सेवाओं तथा महिला एवं बाल कल्याण से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने गुजरात में अपनाई जा रही व्यवस्थाओं, योजनाओं और उनके क्रियान्वयन की प्रक्रिया की जानकारी ली।

अनुभवों के आदान-प्रदान से बेहतर होंगी आंगनवाड़ी सेवाएं

यह दौरा छत्तीसगढ़ और गुजरात के बीच महिला एवं बाल विकास के क्षेत्र में अनुभवों को साझा करने तथा बच्चों और महिलाओं के लिए संचालित सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। गुजरात के नंद घरों में देखी गई व्यवस्थाओं और प्रयासों से छत्तीसगढ़ में आंगनवाड़ी केंद्रों को और बेहतर बनाने तथा बच्चों तक पोषण, शिक्षा और संवेदनशील देखभाल पहुंचाने के प्रयासों को नई दिशा मिल सकती है। मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े का यह प्रवास बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य, प्रारंभिक शिक्षा और महिलाओं के सशक्तीकरण के प्रति राज्य सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

Mor36garh

Mor36garh

Related News