खारून नदी में भूपेश बघेल ने लगाई आस्था की डुबकी, बोले- हमारी परंपरा और संस्कृति का है प्रतीक
रायपुर। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल रायपुर स्थित महादेव घाट पहुंचे और खारुन नदी में आस्था की डुबकी लगाई। हटकेश्वर महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद उन्होंने प्रदेशवासियों को पर्व की शुभकामनाएं दीं और कहा कि सूर्योदय से पूर्व कार्तिक स्नान स्वास्थ्य के लिए भी लाभकारी है। कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने मंगलवार सुबह राजधानी रायपुर के महादेव घाट पहुंचकर खारुन नदी में आस्था की डुबकी लगाई। सुबह करीब साढ़े पांच बजे पवित्र नदी में स्नान करने के बाद उन्होंने ऐतिहासिक हटकेश्वर महादेव मंदिर में पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और प्रदेश की खुशहाली की कामना की। इस दौरान पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने भी खारुन नदी में स्नान कर भगवान शिव का अभिषेक किया।
छत्तीसगढ़ की पुरानी परंपरा और सेहत के लिए फायदेमंद
स्नान के बाद मीडिया से चर्चा करते हुए भूपेश बघेल ने प्रदेशवासियों को कार्तिक पूर्णिमा की बधाई दी। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में कार्तिक माह में नदी और सरोवरों में स्नान करने की परंपरा पीढ़ियों से चली आ रही है।
खारुन तट पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, शाम को होगा दीपदान
कार्तिक पूर्णिमा के चलते सुबह से ही महादेव घाट समेत प्रदेश के प्रमुख नदी-तालाबों पर श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस दिन को देव दीपावली और त्रिपुरारी पूर्णिमा के रूप में भी मनाया जाता है। श्रद्धालुओं ने सुबह स्नान के बाद तांबे के लोटे में लाल फूल, अक्षत और कुमकुम डालकर सूर्यदेव को अर्घ्य दिया तथा भगवान गणेश, विष्णु और माता लक्ष्मी की आराधना की। परंपरा के अनुसार शाम को नदी घाटों, तालाबों और घरों में दीपदान किया जाएगा।