mor36garh-logo

18 मौतों के बाद वन विभाग ने बदली रणनीति, अब सीधे रेस्क्यू सेंटर में रखा जाएगा कबरा हाथी

18 लोगों की जान लेने वाले कबरा हाथी के विज्ञानी प्रबंधन को लेकर वन विभाग ने अब रणनीति बदल दी है।

18 लोगों की जान लेने वाले कबरा हाथी के विज्ञानी प्रबंधन को लेकर वन विभाग ने अब रणनीति बदल दी है। पहले यह तैयारी थी कि हाथी को ट्रेंकुलाइज कर कॉलर आईडी लगाकर नैसर्गिक वन क्षेत्र में छोड़ा जाएगा। इसके लिए तमोर पिंगला के घने जंगल को उपयुक्त माना जा रहा था क्योंकि वहां चारा-पानी की पर्याप्त उपलब्धता है। लेकिन अब वन विभाग में अपनी रणनीति बदल ली है।

रमकोला स्थित रेस्क्यू सेंटर ले जाया जाएगा

हाथी को ट्रेंक्यूलाइज कर रेस्क्यू सेंटर ले जाने के ऑपरेशन के लिए बिलासपुर से वन्य जीव विशेषज्ञ डॉ पीके चंदन के नेतृत्व में टीम भी पहुंच रही है। रेस्क्यू सेंटर में बतौर सजा इसे क्राल में रखा जाएगा। क्राल को लोहे के गर्डर या मोटी लकड़ियों से बनाया जाता है। यह ऐसा स्थान होता हैं जहां हाथी सिर्फ खड़ा रह सकता है।

उमेश्वरपुर में हाथी ने ली महिला की जान

बुधवार रात करीब 11 बजे कबरा हाथी सूरजपुर जिले के प्रेमनगर वन परिक्षेत्र के उमेश्वरपुर पहुंचा। गांव में हाथी के आने की सूचना पर 45 वर्षीय दिलासो बाई अपने पति अर्जुन मरावी और बेटे के साथ पड़ोसियों को सतर्क करने के लिए घर से निकली थी। बेटा घर का दरवाजा बंद करने के लिए पीछे रुक गया था। इसी दौरान दिलासो अचानक हाथी की चपेट में आ गई। हाथी ने उसे मौके पर ही कुचल कर मार डाला।

स्वामी आत्मानंद स्कूल के बगल वाले जंगल में मौजूद है       

महिला को मारने के बाद हाथी रातोंरात लक्ष्मीपुर से खरसुरा, खोंधला, सलका, जरहाडीह होते हुए सरगुजा जिले के उदयपुर वन परिक्षेत्र में पहुंच गया। फिलहाल वह उदयपुर जनपद पंचायत कार्यालय के ठीक सामने झिरमिटी में स्वामी आत्मानंद स्कूल के बगल वाले जंगल में मौजूद है।

वन विभाग की टीम पांच जगहों से हाथी पर नजर रख रही है

वन विभाग की टीम पांच जगहों से हाथी पर नजर रख रही है। ड्रोन की मदद से जंगल में पेड़ के नीचे खड़ा कबरा कान हाथी साफ दिखाई दे रहा है। वन विभाग ने लोगों को जंगल की ओर न जाने की हिदायत दी है। उदयपुर नगर के इतने नजदीक हाथी के पहुंचने से पूरे क्षेत्र में भय का माहौल है। लोग घरों से निकलने में डर रहे हैं।

स्कूलों में अवकाश घोषित

बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए ब्लॉक शिक्षा अधिकारी मृत्युंजय पांडेय ने जंगल किनारे एक किलोमीटर के दायरे में आने वाले सभी स्कूलों में आज के लिए छुट्टी घोषित कर दी है। इनमें स्वामी आत्मानंद स्कूल उदयपुर, डूमरडीह, धौरापारा, ललमटियापारा और जरहाडीह के सभी प्राथमिक व पूर्व माध्यमिक स्कूल शामिल हैं। मौके पर सरगुजा डीएफओ लोकनाथ पटेल, रेंजर फेंकू प्रसाद चौबे, बीईओ मृत्युंजय पांडेय सहित वन विभाग और शिक्षा विभाग के अधिकारी मौजूद हैं। मालूम हो कि कबरा हाथी ने दीपावली की रात भी दो ग्रामीणों और एक नवंबर को सरगुजा-सूरजपुर सीमा पर दो लोगों की जान ली थी। आठ नवंबर को भी एक ग्रामीण को मार डाला था।

Mor36garh

Mor36garh

Related News