mor36garh-logo

होटल कारोबारी दीपक टंडन के खिलाफ जमीन, होटल व फॉर्च्यूनर के नाम पर 56 लाख की ठगी का मामला सामने आया

रायपुर में होटल कारोबारी अम्बेडकर टंडन उर्फ दीपक टंडन और उनकी पत्नी बरखा टंडन के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोपों में एक के बाद एक मामले सामने आ रहे हैं।

राजधानी में होटल कारोबारी अम्बेडकर टंडन उर्फ दीपक टंडन और उनकी पत्नी बरखा टंडन के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोपों में एक के बाद एक मामले सामने आ रहे हैं। होटल की संपत्ति पर कब्जे को लेकर दर्ज एफआईआर के बाद अब जमीन और लग्जरी कार बेचने के नाम पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी के दो और मामले सामने आए हैं।

दोनों सौदों में कुल 56 लाख से अधिक की धोखाधड़ी के आरोप

इसी तरह फॉर्च्यूनर लीजेंडर बेचने के नाम पर 20 लाख रुपये लेने के बावजूद न गाड़ी दी गई और न रकम लौटाई गई। दोनों सौदों में कुल 56 लाख रुपये से अधिक की धोखाधड़ी के आरोप लगे हैं। खास बात यह है कि दोनों मामलों में शिकायतकर्ता एक ही कारोबारी आशीष जायसवाल हैं। पुलिस ने अम्बेडकर टंडन उर्फ दीपक और बरखा टंडन के खिलाफ दर्ज शिकायतों के आधार पर जांच शुरू कर दी है।

जमीन और रेस्टोरेंट बेचने का सौदा, 36 लाख से ज्यादा लिए

शंकर नगर निवासी आशीष जायसवाल (37) बीयर बनाने का व्यवसाय करते हैं। शिकायत के अनुसार, पूर्व परिचित जगदीश सिंह के माध्यम से उनकी अम्बेडकर टंडन उर्फ दीपक और बरखा टंडन से जमीन खरीदने को लेकर बातचीत हुई थी। उन्हें 16,500 वर्गफीट जमीन और उस पर संचालित एटमास्फिरिया रेस्टोरेंट बेचने का प्रस्ताव दिया गया। दोनों पक्षों के बीच करीब 1.16 करोड़ रुपये में सौदा तय हुआ था। आरोप है कि सौदे के लिए आशीष ने 14 अगस्त 2025 को एक लाख रुपये टोकन मनी दी। इसके बाद 18 अगस्त को 30 लाख रुपये से अधिक की रकम आनलाइन ट्रांसफर की गई और पांच लाख रुपये नकद दिए गए। इस तरह कुल 36,00,016.70 रुपये का भुगतान किया गया।

स्वामित्व नहीं होने की जानकारी मिलने पर मांगी रकम

शिकायतकर्ता के मुताबिक, सौदे के दौरान उन्हें भरोसा दिलाया गया था कि जमीन का सीमांकन, बंटवारा और रजिस्ट्री की प्रक्रिया पूरी कराकर संपत्ति उनके नाम कर दी जाएगी। इसी आश्वासन पर उन्होंने बड़ी रकम दे दी। बाद में उन्हें जानकारी मिली कि जिस जमीन को बेचने का सौदा किया गया था, वह दीपक टंडन के स्वामित्व में ही नहीं है। इसके बाद उन्होंने अपनी रकम वापस मांगी। आरोप है कि रकम लौटाने के बजाय उनके साथ गाली-गलौज की गई और जान से मारने की धमकी दी गई। साथ ही अनुसूचित जाति-जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम के मामले में फंसाने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। शिकायत पर तेलीबांधा पुलिस ने अम्बेडकर टंडन और बरखा टंडन के खिलाफ धोखाधड़ी सहित संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज किया है।

फॉर्च्यूनर बेचने के नाम पर 20 लाख लिए

इसी कारोबारी की दूसरी शिकायत में फॉर्च्यूनर लीजेंडर बेचने के नाम पर 20 लाख रुपये की धोखाधड़ी का आरोप लगाया गया है। शिकायत के अनुसार, 19 अगस्त 2025 को अम्बेडकर टंडन उर्फ दीपक ने आशीष जायसवाल को सफेद रंग की 2023 मॉडल फॉर्च्यूनर लीजेंडर दिखाई थी। उसने वाहन को अपना बताते हुए कहा था कि इसे लक्ष्मी मोटर्स से री-सेल में खरीदा है और अब बेचना चाहता है। वाहन के स्वामित्व को लेकर भरोसा दिलाने के लिए आरोपित ने लक्ष्मी मोटर्स की डिलीवरी रसीद भी दिखाई। इसके बाद दोनों के बीच 20 लाख रुपये में सौदा तय हुआ। शिकायतकर्ता का आरोप है कि इसी दिन उन्होंने पूरी रकम नकद दे दी। लेन-देन को लेकर स्टांप पेपर पर बाकायदा एग्रीमेंट भी तैयार कराया गया था।

सर्विसिंग के बाद घर पहुंचाने का दिया था भरोसा

आरोप है कि रकम लेते समय दीपक टंडन ने कहा था कि पहले गाड़ी की सर्विसिंग कराई जाएगी और इसके बाद वाहन उनके घर पहुंचा दिया जाएगा। साथ ही गाड़ी का विधिवत हस्तांतरण कराने का भी आश्वासन दिया गया था। इस भरोसे में आकर आशीष ने पूरी रकम दे दी, लेकिन काफी समय बीतने के बाद भी उन्हें गाड़ी नहीं मिली। बाद में उन्हें जानकारी मिली कि जिस वाहन को दीपक अपना बताकर बेच रहा था, वह उसके स्वामित्व में नहीं है। इसके बाद उन्होंने वाहन देने या 20 लाख रुपये वापस करने की मांग की। आरोप है कि हर बार उन्हें टालमटोल कर लौटाया जाता रहा। रकम मांगने पर गाली-गलौज की गई और जान से मारने की धमकी दी गई। इस शिकायत पर भी तेलीबांधा पुलिस ने धोखाधड़ी और धमकी देने सहित संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज किया है।

होटल कब्जे के विवाद में भी दर्ज है एफआईआर

दीपक टंडन और उनकी पत्नी बरखा टंडन के खिलाफ इससे पहले वीआइपी रोड स्थित साधना मंडप (होटल वेलकम श्री) की संपत्ति पर कब्जे को लेकर भी तेलीबांधा थाने में एफआइआर दर्ज हो चुकी है। आर्ट आफ लिविंग की छत्तीसगढ़ प्रमुख सरिता वाजपेयी ने शिकायत में आरोप लगाया था कि लीज की अवधि समाप्त होने और संपत्ति का कब्जा वापस लेने की प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद दंपती ने ताला तोड़कर संपत्ति में प्रवेश किया।

जान से मारने की धमकी देने के आरोप

शिकायत में जबरन कब्जा करने, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए गए थे। यह संपत्ति वर्ष 2021 में होटल और बैंक्वेट हाल संचालन के लिए लीज पर दी गई थी। लीज की अंतिम अवधि सात अप्रैल 2026 को समाप्त हो गई थी। इस मामले में भी पुलिस ने दंपती और उनके साथियों के खिलाफ आठ धाराओं में अपराध दर्ज किया था।

Mor36garh

Mor36garh

Related News