भारतीय टीम के पूर्व कप्तान और स्टार बल्लेबाज विराट कोहली आज अपना 38वां जन्मदिन मना रहे हैं।
कोहली अब तक अपने करियर में कई उपलब्धियां हासिल कर चुके हैं और उनकी गिनती दुनिया के दिग्गज बल्लेबाजों में होती है। कोहली 50 ओवर के प्रारूप में शतकों का अर्धशतक बनाने वाले बल्लेबाज हैं। कोहली ने 2024 में अमेरिका और वेस्टइंडीज में खेले गए टी20 विश्व कप में खिताबी जीत के बाद टी20 अंतरराष्ट्रीय से संन्यास ले लिया था। इसके बाद उन्होंने टेस्ट प्रारूप को भी अलविदा कहा और वह अब बस वनडे में भी भारतीय जर्सी में नजर आते हैं। आइए कोहली के जन्मदिन के मौके पर जानते हैं उनके कुछ खास रिकॉर्ड्स…
सबसे तेजी से पूरे किए 15000 रन
कोहली के नाम वनडे में सबसे तेज 15000 रन पूरे करने का रिकॉर्ड है। कोहली ने इसी साल ये मुकाम हासिल किया था। कोहली ऐसा करने वाले सचिन तेंदुलकर के बाद दूसरे भारतीय बल्लेबाज हैं। कोहली ने 303 पारियों में वनडे में 15000 रन पूरे किए थे।
वनडे में जड़े हैं सबसे ज्यादा शतक
कोहली के नाम वनडे प्रारूप में सबसे ज्यादा शतक जड़ने का रिकॉर्ड दर्ज है। कोहली ने इस प्रारूप में अब तक 317 मैचों में 15000 से ज्यादा रन बनाए हैं। कोहली के नाम वनडे में 55 शतक लगाने का रिकॉर्ड है। उन्होंने इस मामले में भी सचिन को पीछे छोड़ा था जिन्होंने अपने करियर में वनडे में 49 शतक लगाए थे। कोहली दुनिया के एकमात्र बल्लेबाज हैं जिन्होंने 50 ओवर के प्रारूप में 50 से ज्यादा शतक लगाए हैं।
टी20 में सर्वाधिक अर्धशतक लगाने वाले दूसरे बल्लेबाज
कोहली ने भले ही अंतरराष्ट्रीय टी20 को अलविदा कह दिया है, लेकिन वह इस प्रारूप में सबसे ज्यादा अर्धशतक लगाने वाले दूसरे बल्लेबाज हैं। कोहली से आगे इस मामले में पाकिस्तान के पूर्व कप्तान बाबर आजम हैं। कोहली के बल्ले से टी20 अंतरराष्ट्रीय में 38 अर्धशतक निकले हैं, जबकि बाबर के नाम 39 अर्धशतक हैं।
वनडे विश्व कप के पहले मैच में जड़ा था शतक
विराट कोहली ने साल 2011 में वनडे विश्व कप में डेब्यू किया था। बांग्लादेश के खिलाफ खेले गए उस मैच में कोहली ने शतक जड़ा था। अपने विश्व कप के पहले मैच में शतक ठोकने वाले वह पहले भारतीय बन गए थे। वहीं, कोहली के नाम वनडे में किसी एक टीम के खिलाफ सबसे ज्यादा शतक लगाने का रिकॉर्ड भी दर्ज है। उन्होंने श्रीलंका और वेस्टइंडीज के खिलाफ इस प्रारूप में 10-10 शतक लगाए हैं।





