mor36garh-logo

13 लाख बकाया डोंगरगांव नगर पंचायत की संपत्तियां कुर्क, डूडा पर अगली कार्रवाई

बकाया राशि का भुगतान न करने के मामले में अदालत के आदेश के बाद डोंगरगांव नगर पंचायत की संपत्तियों की कुर्की की गई है। 

कोर्ट की टीम ने गवाहों की मौजूदगी में नगर पंचायत परिसर में पहुंचकर फायर ब्रिगेड, ट्रैक्टर और क्रेन समेत कई वाहनों तथा सामान को जब्त कर लिया। अब आज गुरुवार को राजनांदगांव जिला कलेक्टरेट परिसर में स्थित जिला शहरी विकास अभिकरण (डूडा) की चल संपत्तियों की कुर्की किया जाना प्रस्तावित है।

13 लाख रुपये से अधिक की बकाया वसूली

यह पूरी कार्रवाई ‘सिंध एजेंसी प्रोप्राइटर’ और नगर पंचायत डोंगरगांव, जिला शहरी विकास अभिकरण समेत अन्य पक्षों के बीच बकाया राशि को लेकर जारी कानूनी विवाद के तहत की जा रही है। संबंधित एजेंसी की बकाया राशि 13 लाख 60 हजार 406 रुपये का भुगतान नहीं किया गया था। बकाया रकम की वसूली सुनिश्चित करने के लिए राजनांदगांव के तृतीय जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने कुर्की वारंट जारी किया। यह प्रकरण न्यायालय में दर्ज है, जिसके आधार पर कोर्ट की टीम ने जब्ती की प्रक्रिया शुरू की है।

नगर पंचायत परिसर से फायर ब्रिगेड और क्रेन जब्त

अदालती आदेश का पालन कराने के लिए कोर्ट की टीम ने उपलब्ध संपत्तियों का पंचनामा तैयार कर जब्ती की कार्रवाई की। इस दौरान फायर ब्रिगेड गाड़ी, टैंकर और ट्रॉली सहित ट्रैक्टर, क्रेन तथा वैक्यूम मशीन को जब्त किया गया। इनके अलावा कार्यालयीन उपयोग में आने वाली तीन हॉर्स गाड़ी और तीन एसी भी जब्त किए गए हैं। टीम ने कुर्क सभी सामान को फिलहाल डोंगरगांव पंचायत परिसर में ही सुरक्षित रखवा दिया है।

जिला कलेक्टरेट स्थित डूडा कार्यालय पर अगली कुर्की

कुर्की वारंट और जब्त की जाने वाली संपत्तियों की संलग्न सूची के अनुसार, गुरुवार को राजनांदगांव जिला कार्यालय (कलेक्टरेट) परिसर स्थित जिला शहरी विकास अभिकरण (डूडा) के कार्यालय में कार्रवाई की जाएगी। वहां रखी सभी चल संपत्तियों को कुर्क किया जाएगा।

Mor36garh

Mor36garh

Related News