तिल्दा-नेवरा में बैंक कर्मचारी बनकर ठग ने 76 वर्षीय बुजुर्ग को मोबाइल बैंकिंग सिखाने के बहाने फंसाया। एटीएम और ओटीपी की जानकारी लेकर उनके खाते से 5.46 लाख रुपये पार कर दिए।
साइबर ठगों ने बैंक कर्मचारी बनकर 76 वर्षीय बुजुर्ग को मोबाइल बैंकिंग सिखाने का झांसा दिया और उनके खाते से 5 लाख 46 हजार 223 रुपये पार कर दिए। आरोपी ने फोन पर बुजुर्ग से बैंक खाता नंबर, एटीएम कार्ड नंबर और ओटीपी की जानकारी हासिल कर ली। उसके बाद दो बार में खाते से रकम निकाल ली गई। पीड़ित को मोबाइल पर रुपये निकाले जाने का संदेश मिला, तब ठगी का पता चला। मामले में तिल्दा-नेवरा थाना पुलिस ने अज्ञात मोबाइल नंबर धारक के खिलाफ धोखाधड़ी का अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक, नेवरा निवासी किशन लाल केडिया पहले दुकानदारी करते थे। वर्तमान में उम्र अधिक होने के कारण घर पर ही रहते हैं। उन्होंने दो अप्रैल 2025 को तिल्दा स्थित इंडसइंड बैंक में पांच लाख रुपये की फिक्स्ड डिपाजिट कराई थी।
मोबाइल बैंकिंग सिखाने के नाम पर मांगी गोपनीय जानकारी
- शिकायत के अनुसार, दो मई 2026 की शाम करीब 5:29 बजे उनके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से फोन आया। फोन करने वाले ने खुद को बैंक से जुड़ा बताते हुए मोबाइल पर बैंकिंग का लागइन करना सिखाने की बात कही।
- उसने खाता नंबर और मोबाइल नंबर सहित अन्य जानकारी मांगी। बुजुर्ग ने उसे बैंक कर्मचारी समझकर खाता नंबर, मोबाइल नंबर, एटीएम कार्ड नंबर और ओटीपी बता दिया। फोन करने वाले ने कहा कि 24 घंटे बाद मोबाइल पर पूरी जानकारी मिल जाएगी।





