मौसम विभाग ने 2 नवंबर तक बारिश का अलर्ट जारी किया है। 14 जिलों में आज स्कूल बंद रहे, कई जिलों में कल भी छुट्टी (School Holidays) रहेगी।
बंगाल की खाड़ी से उठे चक्रवाती तूफान अर्णब (CG Weather Forecast) का असर छत्तीसगढ़ में आज भी बना हुआ है। सरगुजा और रायपुर में रात से लगातार बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने उत्तर छत्तीसगढ़ में एक-दो स्थानों पर भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। प्रदेश में अब 2 नवंबर तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।
14 जिलों में स्कूल बंद, कल भी रहेगी छुट्टी (CG School Holidays)
तूफान के असर को देखते हुए प्रदेश के 14 जिलों के स्कूलों में आज छुट्टी रही। वहीं दुर्ग, सरगुजा, कोरिया, बलरामपुर और रायगढ़ के स्कूलों में कल भी छुट्टी रहेगी। प्रशासन ने बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए यह फैसला लिया है।
धान की फसल भीगी, किसानों को नुकसान का डर
बलरामपुर, मुंगेली और धमतरी में बारिश से खेतों में कटाई के बाद रखी धान की फसल भीग गई है। लगातार नमी से धान के दाने काले पड़ने और फफूंद लगने का खतरा बढ़ गया है। बारिश जारी रहने पर किसानों को नुकसान हो सकता है। मौसम विभाग ने किसानों को पकी फसलों की कटाई रोकने और कटी हुई फसल को सुरक्षित स्थान पर रखने की सलाह दी है।
तूफान आंध्र प्रदेश तट पार कर चुका है
मौसम विभाग के अनुसार चक्रवाती तूफान अर्णब आंध्र प्रदेश और यनम के तटों को पार कर चुका है। इसके अगले 48 घंटों में उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने और धीरे-धीरे कमजोर होने की संभावना है। अगले दो दिनों तक भी कई जगह हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।





