mor36garh-logo

छत्तीसगढ़: चार महीने में पांच बच्चों की मौत, 16 कुपोषित, बैगा जनजाति के मामले में दीपक बैज ने उठाए सवाल

दनी-कुमान में बैगा जनजाति के बच्चों की मौत और कुपोषण का मामला राजनीतिक रूप लेता जा रहा है। 

दीपक बैज और आदिवासी कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने बोड़ला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर प्रभावित बच्चों के स्वास्थ्य और उपचार की जानकारी ली। छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले के ग्राम नंदनी-कुमान में बैगा जनजाति के बच्चों की मौत और कुपोषण का मामला अब राजनीतिक तूल पकड़ने लगा है। मंगलवार को छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज और अखिल भारतीय आदिवासी कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. विक्रांत भूरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बोड़ला पहुंचे। यहां उन्होंने प्रभावित बच्चों से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य और उपचार की जानकारी ली। दीपक बैज ने चार महीने में पांच बच्चों की मौत और 16 बच्चों के कुपोषित होने से जुड़ी खबर को पीड़ादायक और चिंताजनक बताया। उन्होंने प्रदेश की भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि आदिवासी मुख्यमंत्री होने के बावजूद विशेष पिछड़ी बैगा जनजाति के बच्चों की ऐसी स्थिति स्वास्थ्य और पोषण व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है।

बच्चों की मौत के मामले में निष्पक्ष जांच की मांग

दीपक बैज ने कहा कि बच्चों की मौत और कुपोषण का मामला बेहद गंभीर है। सरकार को इस पर संवेदनशीलता दिखाते हुए तत्काल जरूरी कदम उठाने चाहिए। उन्होंने ग्राम नंदनी-कुमान में बच्चों की मौत के पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। उन्होंने यह भी कहा कि प्रभावित बच्चों को समुचित उपचार और जरूरी पोषण उपलब्ध कराया जाए। इसके साथ ही जांच में जो भी जिम्मेदार पाए जाएं, उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए।

स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर जाना बच्चों का हाल

कांग्रेस नेताओं ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बोड़ला में प्रभावित बच्चों के स्वास्थ्य और उन्हें मिल रहे उपचार की जानकारी ली। इस दौरान बैगा जनजाति के बच्चों की स्थिति पर चिंता जताते हुए स्वास्थ्य और पोषण सुविधाओं में सुधार की जरूरत बताई गई। कांग्रेस नेताओं ने प्रभावित परिवारों को जरूरी स्वास्थ्य सेवाएं और पोषण उपलब्ध कराने पर जोर दिया। इस दौरान छत्तीसगढ़ प्रदेश आदिवासी कांग्रेस के अध्यक्ष एवं बिंद्रानवागढ़ विधायक जनक राम ध्रुव, जिला कांग्रेस कमेटी कबीरधाम के अध्यक्ष नवीन जायसवाल सहित कांग्रेस के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। बच्चों की मौत और कुपोषण के इस मामले ने जिले में स्वास्थ्य एवं पोषण व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। कांग्रेस ने सरकार से मामले की गंभीरता से जांच कराने और प्रभावित बच्चों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने की मांग की है।

Mor36garh

Mor36garh

Related News