साल 1993 में आई फिल्म ‘खलनायक’ में संजय दत्त का काम लोगों को काफी पसंद आया था. लेकिन क्या आप ये जानते हैं कि बॉलीवुड का एक बड़ा एक्टर इसमें बल्लू का रोल करना चाहता था, लेकिन डायरेक्टर ने साफ मना कर दिया था.
अब से लगभग 33 साल पहले साल 1993 में रिलीज हुई संजय दत्त की फिल्म ‘खलनायक’ एक बार फिर से चर्चा में है. वजह है इसका सीक्वल. संजय दत्त ने हाल ही में इस फिल्म के सीक्वल की घोषणा की है, जिसे ‘खलनायक रिटर्न्स’ नाम दिया गया है. उन्होंने फिल्म का एक टीजर वीडियो भी जारी कर दिया है. वो एक बार फिर से बल्लू के रोल में नजर आएंगे. इस बीच चलिए पहले पार्ट से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा जानते हैं.
‘खलनायक’ में संजय दत्त को बल्लू के रोल में लोगों ने काफी पसंद किया था और फिल्म ब्लॉकबस्टर हुई थी. सुभाष घई ने फिल्म को डायरेक्ट किया था. हालांकि, जब सुभाष घई ये फिल्म बना रहे थे तो और भी कई एक्टर ने इस फिल्म में काम करने की इच्छा जताई थी. एक नाम अनिल कपूर का भी है. अनिल कपूर ये फिल्म करना चाहते थे, लेकिन सुभाष घई ने उन्हें ये कहते हुए मना कर दिया था कि उनपर ये रोल सूट नहीं करेगा.
अनिल कपूर पहुंच गए थे सुभाष घई के घर
इस बारे में एक पुराने इंटरव्यू में खुद सुभाष घई ने बताया था. उन्होंने कहा था कि जब ये खबर बाहर आई थी कि वो ‘खलनायक’ बना रहे हैं, तो कई एक्टर ने इस फिल्म में काम करने के लिए उन्हें अप्रोच किया था. अनिल कपूर उनके साथ पहले ‘मेरी जंग’, ‘राम लखन’ समेत और भी कई फिल्मों में काम कर चुके थे. ऐसे में ‘खलनायक’ के बारे में सुनकर अनिल कपूर सुभाष घई के घर पहुंच गए थे. वो स्क्रिप्ट के हिसाब से गंजे होने के लिए भी तैयार हो गए थे, लेकिन सुभाष घई ने उन्हें फिल्म में लेने से मना कर दिया था.
संजय दत्त को क्यों कास्ट किया गया था?
सुभाष घई ने बताया था कि उन्होंने संजय दत्त को इसलिए कास्ट किया था, क्योंकि वो मासूम भी दिख सकते थे और खतरनाक भी. सुभाष गई ने कहा था कि ऐसे वो मासूम दिखते हैं, लेकिन जब गुस्सा करते हैं तो खतरनाक लगते हैं. इसलिए वो ‘खलनायक’ के लिए बिल्कुल फिट थे. यही वजह थी की ‘खलनायक’ में उनकी कास्टिंग हुई थी.
‘खलनायक’ बजट और कलेक्शन
बॉक्स ऑफिस इंडिया के अनुसार ‘खलनायक’ का बजट 3.75 करोड़ रुपये था. वर्ल्डवाइड इस फिल्म ने 24 करोड़ रुपये की कमाई की थी. अब फैंस को ‘खलनायक रिटर्न्स’ का इंतजार है. अभी ये फिल्म शुरुआती स्टेज में है. संजय दत्त ने भले ही टीजर जारी कर दिया है, लेकिन अभी स्क्रिप्ट फाइनल नहीं है. इस बार सुभाष घई फिल्म को डायरेक्ट नहीं कर रहे हैं. अभी डायरेक्टर भी फाइनल नहीं हुआ है. देखना होगा कि कब तक ‘खलनायक रिटर्न्स’ से जुड़ी चीजें फाइनल होती हैं.





