बिग बॉस तेलुगू फेम आशु रेड्डी पर एक NRI से शादी का झांसा देकर ₹9.35 करोड़ ठगने का आरोप लगा है। उनपर FIR दर्ज की गई है। वहीं, एक्ट्रेस ने इन सभी आरोपों को गलत बताया है। जानिए पूरा मामला। बिग बॉस तेलुगु 3 में नजर आ चुकीं एक्ट्रेस आशु रेड्डी का नाम एक बड़े कानूनी पचड़े में सामने आया है। उनके खिलाफ ₹9.35 करोड़ की कथित धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है। आरोप हैं कि एक्ट्रेस ने एक एनरआई को शादी का झांसा दिया, इस दौरान उससे पैसे ऐंठे, लेकिन बाद में शादी से मुकर गई। उनके खिलाफ पीड़ित शख्स ने एफआईआर दर्ज कराई है। हालांकि अभिनेत्री ने इन आरोपों को पूरी तरह निराधार बताते हुए कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी है।
क्या है पूरा मामला?
इस मामले में धर्मेंद्र नाम के शख्स ने शिकायत की है जो हैदराबाद मूल का है और यूके में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के पद पर काम करते हैं। धर्मेंद्र ने शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया है कि आशु रेड्डी ने उनके बेटे को शादी का झांसा देकर करोड़ों रुपये की ठगी की। शिकायत के अनुसार, धमेंद्र और आशु की मुलाकात वर्ष 2018 में कुछ कॉमन दोस्तों के जरिए हुई थी। आरोप है कि कुछ ही समय में आशु ने प्रेम का इज़हार किया और शादी का वादा किया। इसके बाद धमेंद्र ने उनके नाम पर महंगी गाड़ियां, सोना और संपत्तियां खरीदीं।
बताया जा रहा है कि 2020 में जब धमेंद्र ने परिवारों की मुलाकात की बात की, तो आशु ने बिना किसी स्पष्ट कारण के रिश्ता तोड़ लिया। इसके बाद धमेंद्र ने अपने खर्च किए गए पैसों की वापसी की मांग की।
समझौते की कोशिश और नए आरोप
मामले में अभिनेत्री हेमा के मध्यस्थ (मीडियेटर) बनने की भी बात सामने आई है। आरोप है कि आशु ने ₹70 लाख लौटाने की बात कही थी, लेकिन बाद में दिए गए खाली चेक फाड़ दिए। शिकायत में यह भी दावा किया गया है कि 2020 से 2025 के बीच आशु और उनके परिवार ने शादी का भरोसा देकर लगातार पैसे, संपत्ति और अन्य कीमती चीजें हासिल कीं। परिवार पर “हनी ट्रैप” का भी आरोप लगाया गया है।
इतना ही नहीं, दिसंबर 2025 में आशु द्वारा धमेंद्र को झूठे केस में फंसाने की धमकी देने का भी जिक्र शिकायत में किया गया है। बाद में यह भी आरोप लगा कि आशु किसी अन्य व्यक्ति के साथ रिश्ते में थीं। इस आधार पर पुलिस ने 2026 में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
आशु रेड्डी ने आरोपों को नकारा
मामले के सार्वजनिक होते ही आशु रेड्डी ने सोशल मीडिया के जरिए अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने इंस्टाग्राम पर लिखा कि उनकी अनुमति के बिना फैलाई जा रही कोई भी झूठी जानकारी पर वे सख्त कानूनी कार्रवाई करेंगी।
कौन हैं आशु रेड्डी?
आशु रेड्डी ने सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर के रूप में पहचान बनाई थी और उन्हें अक्सर उनके लुक्स के कारण “जूनियर सामंथा” कहा जाता है। वे बिग बॉस तेलुगू 3 और बिग बॉस नॉन स्टॉप में नजर आ चुकी हैं। इसके अलावा वे चाल मोहन रांगा जैसी फिल्मों में भी काम कर चुकी हैं।



