हाल ही में ‘एग्जाम’ वेब सीरीज की रिलीज डेट सामने आ गई है, जो जल्द ही अमेजन प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम होगी. सीरीज की कहानी स्टूडेंट्स के इमोशन और संघर्षों को सच्चाई से दिखाएगी.
आज के समय में प्रतियोगी परीक्षाएं सिर्फ पढ़ाई तक नहीं, बल्कि युवाओं के संघर्ष और भविष्य की उम्मीदों से भी जुड़ चुकी हैं. लाखों स्टूडेंट अपने सपनों को पूरा करने के लिए दिन-रात मेहनत करते हैं, लेकिन इस बीच उन्हें तनाव, डर और समाज की उम्मीदों का भारी बोझ भी उठाना पड़ता है. अब इसी संवेदनशील विषय को लेकर एक नई तमिल वेब सीरीज ‘एग्जाम’ दर्शकों के सामने आने वाली है.
कब रिलीज होगी सीरीज?
‘एग्जाम’ वेब सीरीज अमेजन प्राइम वीडियो पर 15 मई से स्ट्रीम होने वाली है और इसके सात एपिसोड्स हैं, जो सस्पेंस, इमोशन और तनाव से भरपूर हैं. सीरीज की कहानी उन संघर्षों और मुश्किल फैसलों को भी दिखाएगी, जहां प्रतियोगी परीक्षाओं का दबाव लोगों की जिंदगी पर गहरा असर डालता है. साथ ही जब इंसान पर उम्मीदों और सफलता का बोझ बढ़ जाता है, तब वो किन मानसिक और भावनात्मक परिस्थितियों से गुजरता है.
निखिल मधोक ने की तारीफ
प्राइम वीडियो इंडिया के ओरिजिनल विभाग के प्रमुख निखिल मधोक ने इस सीरीज को लेकर कहा, ‘एग्जाम’ आज के दौर की जरूरी और सच्चाई दिखाने वाली कहानी है. ये सीरीज प्रतियोगी परीक्षाओं के दौरान होने वाले भावनात्मक तनाव को प्रभावशाली तरीके से दिखाती है. ये सिर्फ एक सस्पेंस कहानी नहीं है, बल्कि यह उन लाखों युवाओं की भावनाओं को सामने लाती है जो हर दिन अपने सपनों के लिए संघर्ष कर रहे हैं. मुझे भरोसा है कि यह कहानी दुनियाभर के दर्शकों को गहराई से प्रभावित करेगी.
फिल्म की टीम और कलाकार
बता दें कि इस सीरीज को राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता निर्देशक ए. सरकुनम ने लिखा और निर्देशित किया है. वहीं इस सीरीज में अभिनेत्री दुशारा विजयन, अभिनेता अब्बास और अदिति बालन लीड रोल में नजर आयेंगे. इस सीरीज को तमिल के साथ-साथ तेलुगु, हिंदी, मलयालम और कन्नड़ भाषाओं में भी रिलीज किया जाएगा और अंग्रेजी समेत 15 भाषाओं में सब टाइटल भी दिए जाएंगे, ताकि अलग-अलग भाषाओं के दर्शक इस कहानी से जुड़ सकें.



