mor36garh-logo

प्रदेश में अगले दो दिन आंधी-बारिश की संभावना, गर्मी से मिलेगी राहत

रायपुर। छत्तीसगढ़ में इस साल अप्रैल में गर्मी से थोड़ी राहत मिलने वाली है। मौसम विभाग के जारी अप्रैल के ‘आउटलुक’ के अनुसार, प्रदेश में इस महीने का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से कम रहेगा। कुछ दिनों में पारा काफी ऊपर जाएगा तो कुछ दिनों में बादलों और बारिश के कारण तापमान गिरेगा। इस तरह स्थितियां मिलीजुली रहेगी। वर्तमान में बने सिस्टम के कारण प्रदेश में अगले दो दिन तक आंधी-बारिश और ओले गिरने की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में तापमान में गिरावट, ओलावृष्टि, वज्रपात और तेज हवाओं की संभावना जताई है, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है, लेकिन सतर्क रहने की भी जरूरत है। प्रदेश में वर्तमान में अधिकतम तापमान सामान्य से 2-3 डिग्री सेल्सियस अधिक बना हुआ है, लेकिन अगले तीन दिनों में इसमें 2-4 डिग्री सेल्सियस की क्रमिक गिरावट होने की संभावना है। इसके बाद तापमान में कोई विशेष बदलाव नहीं होगा।

प्रदेश के एक-दो स्थानों पर बहुत हल्की से हल्की वर्षा दर्ज की गई है। आने वाले दो दिनों तक कुछ क्षेत्रों में ओलावृष्टि, गरज-चमक और वज्रपात के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए बताया है कि कुछ स्थानों पर 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती है, जो जनजीवन को प्रभावित कर सकती है।

Mor36garh

Mor36garh

Related News