mor36garh-logo

सोना-चांदी में तेजी से ही बाजार में चमक लौटने की उम्मीद

वैश्विक स्तर पर लंबे समय से रेड जोन में चल रहे सोना-चांदी के भाव ने बुलियन मार्केट की कमर तोड़ दी है।

तूफानी गिरावट के बाद भी बाजार में न तो बिकवाली निकली है और न ही जोरदार लेवाली। इससे सराफा में कामकाज बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। अब जानकारों का कहना है कि सोना-चांदी में तेजी से ही बाजार में चमक लौटने की उम्मीद है, लेकिन हाल-फिलहाल तेजी के आसार कहीं नजर नहीं आ रहे हैं। व्यापारियों का कहना है कि ऊंचे भाव पर खरीदी करने वाले भारी नुकसान के कारण बिकवाली से पल्ला झाड़ रहे हैं, वहीं नई खरीदी करने वाले भाव और नीचे जाने के इंतजार में बैठे हैं। इससे सराफा में कामकाज पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।

सराफा व्यवसायी शुभम मूणत का कहना है कि लगातार गिरावट से बाजार की चाल पूरी तरह बिगड़ गई है। त्योहारी सीजन में सराफा में कामकाज 30 से 40 फीसद पर आकर अटक गया है। अब आगामी दिनों में सोना-चांदी के भाव में सुधार और स्थिरता आने पर कामकाज पटरी पर लौटने की उम्मीद है। व्यवसायी ऋषभ संघवी के अनुसार बीते नौ माह में चांदी 2.21 लाख रुपये प्रतिकिलो और सोना 45 हजार रुपये प्रति 10 ग्राम तक टूट चुके हैं। भारी गिरावट के बाद भी बाजार में खरीदार कम ही रहे। लगातार गिर रही कीमतों ने जरूरी खरीदी करने वालों को भी रोक दिया है। व्यवसायी प्रतीक जैन का कहना है कि सोना-चांदी के भाव में स्थिरता या तेजी आने पर ही खरीदी-बिक्री में तेजी आने की संभावना है। लगातार गिरावट जरूरी खरीदी करने वालों को रोक रही है। इंटरनेट मीडिया पर चांदी के डेढ़ लाख और सोना के एक लाख रुपये अंदर आने की बातों से बाजार सुस्त हो गया है।

अब मशीन से ऊपर बिकने लगे सोना-चांदी

तूफानी तेजी-मंदी के दौर में हाजर में सोना-चांदी के भाव काफी ऊपर-नीचे देखने को मिल रहे हैं। तेजी के दौर में सोना-चांदी एमसीएक्स (मशीन) की तुलना में हाजर में 5000 से 30000 रुपये तक कम कीमत पर मिल रहे थे, लेकिन अब गिरावट के दौर में सोना-चांदी मशीन की तुलना में हाजर में दो से पांच हजार रुपये तक ऊपर मिल रहे हैं। बाजार के इस गणित को कोई भी ठीक से समझ नहीं पा रहा है।

Mor36garh

Mor36garh

Related News