छत्तीसगढ़ में हड़ताली पटवारियों पर प्रशासन सख्त है। प्रदेश अध्यक्ष सहित कई पटवारी निलंबित हुए।
पीवी ऐप की तकनीकी खामियों और अपनी मांगों को लेकर 13 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठे पटवारियों पर अब प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। हड़ताल खत्म कर काम पर लौटने के निर्देश के साथ अलग-अलग जिलों में कारण बताओ नोटिस जारी किए जा रहे हैं। पटवारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष भागवत कश्यप को निलंबित कर दिया गया है। रायपुर में पटवारियों को चेतवनी दी गई है। सोमवार से नोटिस जारी किया जाएगा। इसके आलावा बलरामपुर में मुख्यालय में निवास नहीं करने के मामले में पांच पटवारियों को निलंबित भी कर दिया गया है। बिलासपुर में 259 और सरगुजा संभाग के छह जिलों में 819 पटवारियों को नोटिस जारी करने की कार्रवाई की गई है। हड़ताल का असर अब केवल राजस्व कार्यालयों तक सीमित नहीं है। धान खरीदी की तैयारियों के बीच डिजिटल क्राप सर्वे, फसल सत्यापन, एग्रीस्टैक में किसानों के अभिलेखों की जांच और गिरदावरी जैसे काम प्रभावित हो रहे हैं। चक्रवाती तूफान से फसल क्षति के आकलन और राहत कार्यों के लिए भी पटवारियों की भूमिका महत्वपूर्ण है। ऐसे में प्रशासन और हड़ताली पटवारियों के बीच टकराव बढ़ता दिखाई दे रहा है।
बिलासपुर में सभी 259 पटवारियों को नोटिस
- बिलासपुर जिले में हड़ताल पर गए सभी 259 पटवारियों को तत्काल काम पर लौटने के निर्देश दिए गए हैं। बिलासपुर, बिल्हा, मस्तूरी, तखतपुर और कोटा के एसडीएम ने संबंधित पटवारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किए हैं।
- उन्हें कर्तव्य पर उपस्थित होकर तहसीलदार के माध्यम से उसी दिन लिखित स्पष्टीकरण देने को कहा गया है। निर्धारित समय तक मुख्यालय में उपस्थित नहीं होने पर एकपक्षीय कार्रवाई और अनुपस्थिति की अवधि को सेवा में व्यवधान मानने की चेतावनी दी गई है।
सरगुजा संभाग के छह जिलों में 819 को नोटिस
- सरगुजा संभाग के आयुक्त नरेंद्र दुग्गा ने सभी छह जिलों के एसडीएम को हड़ताल पर गए पटवारियों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं। इनमें सूरजपुर के 192, सरगुजा के 216, बलरामपुर के 150, जशपुर के 150, कोरिया के 60 और मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर के 51 पटवारी शामिल हैं।
- बलरामपुर में मुख्यालय में निवास नहीं करने के कारण गौतम पटेल, पन्नेलाल सोनवानी, कपिल देव भगत, धीरेंद्र उरमलिया और शैलेश मेहता को निलंबित किया गया है।
इन कामों पर पड़ रहा असर
- डिजिटल क्रॉप सर्वे और फसलों का भौतिक सत्यापन।
- एग्रीस्टैक और धान खरीदी से जुड़े किसान अभिलेखों की जांच।
- चक्रवाती तूफान से फसल क्षति का सर्वे और राहत कार्य।
- आय, जाति और निवास प्रमाण पत्र के जांच प्रतिवेदन।
- नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन और राजस्व न्यायालयों के प्रकरण।





