mor36garh-logo

क्योंकि शौक बड़ी चीज है: बीच सड़क पर कार खड़ी कर मनाया जन्मदिन, आतिशबाजी और रील बनाने का वीडियो वायरल;केस दर्ज

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर शहर में बीच सड़क पर कार खड़ी कर जन्मदिन मनाने और आतिशबाजी करने का मामला सामने आया है।

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। शुरुआत में वीडियो को रायपुर का बताया जा रहा था, लेकिन जांच में घटना बिलासपुर के रिवर व्यू रोड की निकली। पुलिस ने कार के मालिक और चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

सड़क पर केक काटने और रील बनाने का आरोप

वायरल वीडियो में एक कार की डिक्की खुली दिखाई दे रही है, जिसमें केक और जन्मदिन से जुड़ा टैग रखा हुआ है। कुछ लोग सड़क पर रील बनाते नजर आ रहे हैं, जबकि एक युवक आतिशबाजी की तैयारी करता दिखाई देता है। आरोप है कि बीच सड़क पर कार खड़ी कर जन्मदिन मनाने से यातायात प्रभावित हुआ और दुर्घटना की आशंका बनी रही।

शिकायत के बाद सिविल लाइन पुलिस ने दर्ज किया केस

पुलिस के मुताबिक, सरजू बगीचा निवासी अमित साहू ने शिकायत में बताया कि 18 और 19 अक्टूबर की दरमियानी रात करीब एक बजे वह रिवर व्यू रोड से घर लौट रहे थे। इसी दौरान सड़क पर कार खड़ी कर जन्मदिन मनाया जा रहा था। अमित साहू ने 23 अक्टूबर को सिविल लाइन थाने में लिखित शिकायत दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने कार नंबर CG-04-NY-1910 के मालिक और चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पहले रायपुर का बताया गया वीडियो – बताया जा रहा है कि नायब तहसीलदार विपिन पटेल की पोस्टिंग रायपुर जिले में होने के कारण शुरुआत में वीडियो को रायपुर का बताया जा रहा था। हालांकि, पुलिस की जांच में घटना बिलासपुर के रिवर व्यू रोड की सामने आई।

Mor36garh

Mor36garh

Related News

Recent News