Gold-Silver Price Today: MCX पर सोना 0.77% गिरकर ₹1,50,550 और चांदी 1.91% टूटकर ₹2.37 लाख के पास पहुंची। जानें गिरावट की वजह और क्या अभी निवेश करना सही रहेगा।
Gold-Silver Price Crash: सोने और चांदी की कीमतों में मंगलवार को अचानक गिरावट देखने को मिली, जिससे निवेशकों और खरीदारों की नजरें बाजार पर टिक गई हैं। Multi Commodity Exchange (MCX) पर सोना करीब 0.77% टूटकर ₹1,50,550 प्रति 10 ग्राम पर आ गया।
चांदी में भी 1.91% की तेज गिरावट दर्ज हुई और यह ₹2.37 लाख प्रति किलोग्राम के आसपास पहुंच गई। दिनभर की ट्रेडिंग में दोनों कीमती धातुओं में उतार-चढ़ाव बना रहा। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि क्या यह गिरावट खरीदारी का मौका है या बाजार में और कमजोरी देखने को मिल सकती है।
दिनभर ऐसे रहा उतार-चढ़ाव
आज के कारोबार की शुरुआत भी हल्की कमजोरी के साथ हुई। सोना 1,51,700 रुपये प्रति 10 ग्राम पर खुला और दिन के दौरान 1,51,802 रुपये के हाई से गिरकर 1,50,450 रुपये तक आ गया।
वहीं चांदी 2,40,490 रुपये प्रति किलो पर ओपन हुई और ट्रेडिंग के दौरान 2,41,250 रुपये के हाई से फिसलकर 2,36,450 रुपये के लो तक पहुंच गई।
क्यों गिर रहे हैं भाव?
विशेषज्ञों के अनुसार, मिडिल-ईस्ट में जारी भू-राजनीतिक तनाव और ग्लोबल मार्केट में अनिश्चितता के चलते सोने-चांदी के दामों में तेजी से उतार-चढ़ाव हो रहा है। निवेशक फिलहाल सतर्क नजर आ रहे हैं, जिससे कीमतों पर दबाव देखने को मिल रहा है।
सर्राफा बाजार में क्या रहा हाल?
दिल्ली के सर्राफा बाजार में सोमवार को सोना और चांदी मजबूती के साथ बंद हुए थे। 99.9% शुद्धता वाला सोना 200 रुपये की बढ़त के साथ 1,56,100 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया था। वहीं चांदी 3,500 रुपये उछलकर 2,50,500 रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर पर बंद हुई थी।
क्या अभी खरीदना सही है?
कीमतों में आई इस गिरावट को कई विशेषज्ञ खरीदारी का मौका मान रहे हैं, खासकर उन लोगों के लिए जो लंबे समय के निवेश की योजना बना रहे हैं। हालांकि, बाजार में अस्थिरता को देखते हुए सोच-समझकर निवेश करना जरूरी है।





