mor36garh-logo

‘सैयारा’ की 580 करोड़ी सफलता के बाद मोहित सूरी का नया प्रोजेक्ट, अहान-अनीत की वापसी

‘सैयारा’ की सुपरहिट टीम मोहित सूरी, यश राज फिल्म्स, अहान पांडे और अनीत पड्डा एक नई रोमांटिक फिल्म के लिए फिर साथ आ रहे हैं. 2027 में रिलीज होने वाली इस फिल्म की शूटिंग जल्द शुरू होगी.

2025 की सुपरहिट फिल्म सैयारा की सफलता के बाद अब इसकी पूरी टीम एक बार फिर साथ आने जा रही है. निर्देशक मोहित सूरी, यश राज फिल्म्स के सीईओ अक्षय विधानी और कलाकार अहान पांडे और अनीत पड्डा एक नई रोमांटिक ड्रामा फिल्म के लिए फिर से साथ काम करेंगे. इस फिल्म का टाइटल अभी तय नहीं हुआ है, लेकिन इसे 2027 में दुनियाभर में रिलीज करने की योजना है. फिल्म की शूटिंग इस साल के अंत तक शुरू होने की उम्मीद है.

मोहित सूरी बोले- नई शुरुआत जैसा लग रहा है

इस प्रोजेक्ट पर बात करते हुए मोहित सूरी ने कहा कि उसी टीम के साथ दोबारा काम करना उनके लिए बेहद खास है. उन्होंने कहा, “फिर से साथ आना जैसे किस्मत में लिखा था. इस बार मैं खुद को एक नए कलाकार की तरह महसूस कर रहा हूं-थोड़ी एक्साइटमेंट है, थोड़ी घबराहट भी. उम्मीद है कि इस बार भी मेरा म्यूजिक लोगों के दिलों को छू पाएगा.” वहीं अक्षय विधानी ने इस बारे में कहा, “मोहित के साथ काम करने का मतलब सिर्फ फिल्म बनाना नहीं होता- इसका मतलब होता है किसी एहसास, किसी म्यूजिक, या किसी ऐसे पल का पीछा करना, जो परदे पर अंधेरा छा जाने के काफी देर बाद तक भी मन में बसा रहता है.”

‘सैयारा’ की जबरदस्त सफलता बनी बड़ी वजह

‘सैयारा’ ने रिलीज के बाद बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त प्रदर्शन किया था. फिल्म ने दुनियाभर में करीब 580 करोड़ रुपये की कमाई की और यह भारतीय सिनेमा की सबसे सफल रोमांटिक फिल्मों में से एक बन गई. खास बात यह रही कि फिल्म का म्यूजिक भी लंबे समय तक लोगों की जुबान पर छाया रहा और स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म्स पर ट्रेंड करता रहा. फिल्म में अहान पांडे और अनीत पड्डा की ऑन-स्क्रीन केमिस्ट्री इतनी हिट रही कि फैंस ने उन्हें ‘अहनीत’ नाम दे दिया.

रोमांटिक फिल्मों के मास्टर हैं मोहित सूरी

मोहित सूरी इससे पहले आशिकी 2, हमारी अधूरी कहानी और मलंग जैसी फिल्मों के जरिए अपनी खास पहचान बना चुके हैं. उनकी फिल्मों के म्यूजिक और गाने काफी खास होते हैं, जो दर्शकों के दिलों को छू जाते हैं. ‘सैयारा’ के बाद यश राज फिल्म्स के साथ उनकी यह दूसरी फिल्म होगी, जिससे एक बार फिर बड़ी उम्मीदें जुड़ गई हैं.

Mor36garh

Mor36garh

Related News