नेटफ्लिक्स की थ्रिलर सीरीज ‘ग्लोरी’ जल्द ही ओटीटी पर रिलीज होने वाली है. इसमें स्पोर्ट्स के साथ थ्रिलर और क्राइम का जबरदस्त तड़का लगने वाला है, जो आपको अंत तक बांधे रखेगी.
ओटीटी प्लेटफॉर्म पर इन दिनों एक से बढ़कर एक दमदार वेब सीरीज रिलीज हो रही हैं और अब इसी बीच एक और जबरदस्त थ्रिलर रिलीज होने जा रही है. नेटफ्लिक्स ने अपनी नई हिंदी वेब सीरीज ‘ग्लोरी’ की रिलीज डेट का ऐलान कर दिया है, जिसके बाद फैंस का उत्साह और बढ़ गया है. स्पोर्ट्स और क्राइम के तड़के से बनी ये सीरीज बॉक्सिंग की दुनिया के साथ-साथ इमोशनल ड्रामा भी दिखाने वाली है.
कब रिलीज होगी सीरीज?
मेकर्स ने कुछ दिनों पहले ही सीरीज का टीजर रिलीज किया है, जिसे दर्शकों से अच्छा रिस्पॉन्स मिला है. टीजर के कैप्शन में उन्होंने लिखा, ‘त्याग, बलिदान और कष्ट. अब असली जंग शुरू.’ इसके अलावा नेटफ्लिक्स ने इसके रिलीज से भी पर्दा उठा दिया है. आज ही सीरीज के नए पोस्टर रिलीज किए गए है, जिसके साथ लिखा गया कि ‘रिंग सिर्फ अंजाम दिखाता है, असली कहानी तो बाहर लिखी जाती है. 1 मई 2026 से नेटफ्लिक्स पर देखिए ग्लोरी.’
कैसी है ग्लोरी की कहानी?
इस सीरीज की कहानी हरियाणा के बॉक्सिंग सर्किट के इर्द-गिर्द घूमती है, जहां एक उभरते हुए बॉक्सर की रहस्यमय मौत हो जाती है. ये खिलाड़ी ओलंपिक में देश का नाम रोशन करने वाला था, लेकिन उसकी अचानक हुई मौत के बाद कहानी एक नए मोड़ पर पहुंच जाती है. इसके बाद परिवार के अंदर छिपे पुराने झगड़े, गुस्सा और बदले की भावना धीरे-धीरे सामने आने लगती है. कहानी में एक पुराने बॉक्सिंग कोच को अपने बिछड़े हुए बेटों के साथ फिर से जुड़ना पड़ता है. लेकिन इस बार लड़ाई सिर्फ बॉक्सिंग रिंग तक सीमित नहीं रहती, बल्कि ये रिश्तों, विश्वास और बदले की जंग बन जाती है.
सीरीज की दमदार स्टारकास्ट
सीरीज में पुलकित सम्राट, दिव्येंदु शर्मा और सुविंदर विक्की जैसे कलाकार नजर आने वाले है. ‘ग्लोरी’ को करण अंशुमन और कर्मण्य आहूजा ने मिलकर बनाया है. वहीं इसे निशांत पांडे और आरिफ मीर ने प्रोड्यूस किया है. ये सीरीज नेटफ्लिक्स की एक हाई-इंटेंसिटी थ्रिलर होगी, जो दर्शकों को शुरुआत से अंत तक बांधे रखेगी. अगर आप ऐसी कहानियां पसंद करते हैं, जिनमें खेल के साथ-साथ सस्पेंस और इमोशन भी हो, तो ये सीरीज आपके लिए एक शानदार ऑप्शन है.





