mor36garh-logo

70 साल का इंतजार खत्म, CG में रेल नेटवर्क का होगा विस्तार… रावघाट-जगदलपुर रेललाइन के लिए ₹3513 करोड़ का बजट

  1. एक दर्जन रेल परियोजनाओं के सर्वे को मंजूरी
  2. 70 साल पुरानी रेल मांग को मिली नई गति
  3. माओवादी हिंसा खत्म, विकास कार्यों में आई तेजी

जगदलपुर: बस्तर को रायपुर से जोड़ने वाली महत्वाकांक्षी रावघाट-जगदलपुर रेललाइन परियोजना को केंद्रीय बजट 2026-2027 में बड़ी राहत मिली है। इस परियोजना के लिए अनुमानित कुल लागत 3513.11 करोड़ रुपये का पूर्ण प्रावधान किया गया है, ताकि फंड की कमी के कारण काम प्रभावित न हो।

रेल मंत्रालय द्वारा हाल ही में जारी पिंक बुक (समेकित बजट विवरण) में इस परियोजना सहित बस्तर क्षेत्र में रेल नेटवर्क विस्तार की व्यापक योजना प्रस्तुत की गई है। इससे क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

एक दर्जन रेल परियोजनाओं के सर्वे को मंजूरी

बस्तर संभाग में नई और पुरानी मिलाकर लगभग एक दर्जन रेल परियोजनाओं के सर्वेक्षण के लिए भी बजट में राशि स्वीकृत की गई है। इनमें कुछ परियोजनाओं के प्रारंभिक सर्वे तो कुछ के अंतिम सर्वे को आगे बढ़ाने का प्रावधान किया गया है।

माओवादी हिंसा के बाद विकास पर जोर

चार दशक तक माओवादी हिंसा से प्रभावित रहे बस्तर में अब हालात बदल रहे हैं। हिंसा के समाप्त होने के बाद विकास कार्यों को तेज करने की जरूरत महसूस की जा रही है। ऐसे में रेल नेटवर्क का विस्तार क्षेत्रीय विकास के लिए अहम माना जा रहा है।

रावघाट रेललाइन परियोजना में निर्माण कार्य शुरू करने के लिए निविदाएं जारी करने की प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है। स्थानीय लोगों ने लंबे इंतजार के बाद परियोजना के आगे बढ़ने पर संतोष जताया है।

70 साल पुरानी मांग को मिला बल

बस्तर में रेललाइन विस्तार की मांग कोई नई नहीं है। वर्ष 1955 में जगदलपुर में आयोजित तृतीय राष्ट्रीय आदिवासी सम्मेलन में पहली बार जगदलपुर और कांकेर को रेललाइन से जोड़ने की मांग उठी थी।

सके बाद 1966 में बैलाडीला से लौह अयस्क परिवहन के लिए कोत्तावालसा से किरंदुल तक 445 किलोमीटर लंबी रेललाइन बनाई गई थी। इसके बाद 2010 में दल्लीराजहरा से रावघाट तक रेललाइन बिछाने का काम शुरू हुआ, जिसमें अब तक 95 किलोमीटर में से 85 किलोमीटर ट्रैक ही बिछ पाया है।

प्रमुख सर्वे परियोजनाएं और बजट प्रावधान

रेल बजट में कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं के सर्वे के लिए राशि मंजूर की गई है, जिनमें प्रमुख हैं:

धमतरी-नगरी-बांसकोट-कोंडागांव (183 किमी) – 4.58 करोड़

बचेली-बीजापुर-गढ़चिरौली (490 किमी) – 12.25 करोड़

किरंदुल-कोत्तागुडेम (180 किमी) – 27 लाख

सुकमा-कोंटा-भद्राचलम – 37 लाख

बीजापुर-किरंदुल (83 किमी) – 18 लाख

बीजापुर-सूरजगढ़ (146 किमी) – 45 लाख

किरंदुल-पांडुरंगपुराम – 25 लाख

दोहरीकरण परियोजनाओं को भी बढ़ावा

किरंदुल रेलखंड में निर्माणाधीन दोहरी लाइन के लिए भी पर्याप्त बजट दिया गया है। इसके अलावा जगदलपुर से कोत्तावालसा तक रेललाइन के दोहरीकरण और ओड़िशा के जूनागढ़, नवंगरपुर, जैपुर, मलकानगिरी होते हुए भद्राचलम तक प्रस्तावित नई रेललाइन के लिए भी राशि निर्धारित की गई है।

Mor36garh

Mor36garh

Related News