mor36garh-logo

छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट को मिली बम से उड़ाने की धमकी, अलर्ट मोड पर पुलिस, जांच जारी

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद हड़कंप मच गया। हाईकोर्ट की आधिकारिक वेबसाइट पर ईमेल के माध्यम से यह धमकी भेजी गई, जिसके बाद पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया। तुरंत ही हाईकोर्ट परिसर को खाली कराया गया और बम स्क्वॉड व स्निफर डॉग्स के साथ सघन तलाशी अभियान चलाया गया, हालांकि जांच में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला।

यह धमकी भरा ईमेल सोमवार को मिला, जब समर वेकेशन के बाद हाईकोर्ट में कामकाज दोबारा शुरू हुआ था। उस समय जज, वकील और पक्षकार सभी कोर्ट परिसर में मौजूद थे। धमकी मिलते ही प्रोटोकॉल अफसरों ने तुरंत पुलिस को इसकी जानकारी दी। ईमेल आईडी abdul abdia@outlook.com से भेजे गए इस संदेश में “मद्रास टाइगर्स फॉर अजमल कसाब” नामक संगठन का उल्लेख किया गया है। ईमेल में लिखा गया था कि कोर्ट परिसर में अमोनियम सल्फर आधारित आईईडी (इंप्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) लगाया गया है।

ईमेल में अजमल कसाब को फांसी देने और कुछ व्यक्तियों की हिरासत का हवाला देते हुए इसे एक “पवित्र मिशन” बताया गया है। धमकी के बाद पुलिस ने कोई जोखिम न उठाते हुए पूरे परिसर को खाली कराया और तलाशी अभियान शुरू किया। जांच के दौरान किसी भी तरह का विस्फोटक नहीं मिला।

एसएसपी रजनेश सिंह ने जानकारी दी कि मामले की गंभीरता को देखते हुए FIR दर्ज कर ली गई है और जांच जारी है। पूरा मामला चकरभाठा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आता है।

Mor36garh

Mor36garh

Related News