mor36logo-desktop

जमीन रजिस्ट्री के नाम पर 54 लाख की धोखाधड़ी: भू-स्वामियों को थमाया अदिनांकित चेक

सूरजपुर | जमीन की बिक्री के नाम पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी किए जाने का मामला सामने आया है। दतिमा निवासी एक ही परिवार के तीन भू-स्वामियों ने दो लोगों पर छलपूर्वक उनकी जमीन का विक्रय पत्र पंजीकृत कराने और तय कीमत का भुगतान नहीं करने का आरोप लगाया है। पीड़ितों का दावा है कि 54 लाख 45 हजार रुपये में जमीन का सौदा तय हुआ था, लेकिन रजिस्ट्री के बाद भुगतान के नाम पर उन्हें 23 लाख 90 हजार रुपये का अदिनांकित बेयरर चेक थमा दिया गया। इसके अलावा दो लाख रुपये नकद और 2.22 लाख रुपये फोन-पे से भुगतान किए जाने का उल्लेख भी विक्रय पत्र में करा दिया गया, जबकि उन्हें यह राशि प्राप्त नहीं हुई। मामले में तीनों आवेदकों ने पुलिस अधीक्षक सूरजपुर को लिखित शिकायत सौंपकर जांच और आरोपितों के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध करने की मांग की है।

गाड़ी में रकम रखे होने का भरोसा देकर करा ली रजिस्ट्री

दोनों पक्षों के बीच जमीन का सौदा 1.65 लाख रुपये प्रति डिसमिल की दर से तय हुआ था, जिसकी कुल कीमत 54 लाख 45 हजार रुपये निर्धारित की गई थी। शिकायत में बताया गया है कि विक्रय मूल्य की पूरी राशि देने का भरोसा दिलाकर अनावेदक दोनों पक्षों को दो सितंबर 2026 को सूरजपुर लेकर पहुंचे थे। वहां उन्होंने आवेदकों को बताया कि बिक्री की पूरी रकम उनके वाहन में रखी हुई है और विक्रय पत्र निष्पादित होने के तत्काल बाद वाहन के पास चलकर उन्हें भुगतान कर दिया जाएगा।

थमा दिया अदिनांकित बेयरर चेक, दस्तावेज में दर्ज कराया झूठा भुगतान

इस भरोसे में आकर तीनों भू-स्वामियों ने विक्रय पत्र पर हस्ताक्षर कर दिए। आवेदन के मुताबिक रजिस्ट्री की प्रक्रिया पूरी होने के बाद जब आवेदकों ने भुगतान मांगा तो रामदेव ने छत्तीसगढ़ ग्रामीण बैंक, पंडोपारा कॉलरी शाखा के अपने खाते का 23 लाख 90 हजार रुपये का अदिनांकित बेयरर चेक उन्हें सौंप दिया।

शिकायत के मुताबिक

शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि उक्त चेक से उन्हें राशि प्राप्त करने में सक्षम नहीं बनाया गया। वहीं पंजीकृत विक्रय पत्र में दो लाख रुपये नकद और 2 लाख 22 हजार रुपये फोन-पे के माध्यम से भुगतान किए जाने का उल्लेख दर्ज करा दिया गया, जबकि उनके अनुसार यह रकम भी उन्हें नहीं मिली है। तीनों आवेदकों ने आरोप लगाया है कि उनकी अशिक्षा और अनभिज्ञता का लाभ उठाकर भुगतान का झूठा विवरण दर्ज कराया गया तथा वास्तविक राशि दिए बिना ही जमीन का विक्रय पत्र पंजीकृत करा लिया गया। उन्होंने इसे सुनियोजित छल और विश्वासघात बताते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, संबंधित लोगों के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई करने की मांग की है।

Mor36garh

Mor36garh

Related News