छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में साइबर अपराधों के विरुद्ध पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए साइबर ठगी की रकम खपाने के लिए बैंक खाते उपलब्ध कराने वाले 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
थाना जामुल, थाना पद्मनाभपुर और एसीसीयू (ACCU) की संयुक्त टीम ने म्यूल बैंक खातों के विरुद्ध विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की है। आरोपियों द्वारा कमीशन के लालच में अपने और अन्य व्यक्तियों के बैंक खाते साइबर अपराधियों को उपलब्ध कराए जाते थे। इसके बदले खाताधारकों को पांच हजार से 15 हजार रुपये तक का भुगतान किया जाता था। पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार साइबर अपराधों में इस्तेमाल होने वाले म्यूल बैंक खातों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में दुर्ग पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, बैंक खातों के विश्लेषण और विवेचना के दौरान प्राप्त जानकारियों के आधार पर आरोपियों की पहचान की। इसके बाद 13 नवंबर 2026 को जामुल, पद्मनाभपुर पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए कुल 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस की जांच में सामने आया कि आरोपी अपने और अन्य व्यक्तियों के बैंक खाते एजेंटों के माध्यम से साइबर अपराधियों को उपलब्ध कराते थे। इन खातों का उपयोग साइबर ठगी से प्राप्त अवैध धनराशि के लेन-देन और हस्तांतरण के लिए किया जाता था। ठगी की रकम को अलग-अलग बैंक खातों में स्थानांतरित कर उसके वास्तविक स्रोत को छिपाने का प्रयास किया जाता था।कैलेंडर देखें
आरोपियों द्वारा बैंक खातों के साथ संबंधित पासबुक, एटीएम कार्ड, चेकबुक और पंजीकृत मोबाइल सिम कार्ड भी उपलब्ध कराए जाते थे।
इसके एवज में खाताधारकों को पांच हजार से 15 हजार रुपये तक का कमीशन दिया जाता था। विवेचना के दौरान संबंधित बैंक खातों में लाखों रुपये के संदिग्ध लेन-देन की जानकारी सामने आई है। पुलिस के अनुसार, थाना जामुल में दर्ज अपराध क्रमांक 522/2026 के तहत तीन खाताधारकों को गिरफ्तार किया गया है। वहीं, थाना पद्मनाभपुर में दर्ज अपराध क्रमांक 439/2026 के तहत नौ खाताधारकों और दो एजेंटों सहित 11 आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई है। दोनों प्रकरणों में भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(2), 318(3) और 317(4) के तहत अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से विभिन्न बैंक खातों की पासबुक, एटीएम कार्ड, चेकबुक, मोबाइल सिम कार्ड, मोबाइल फोन और अन्य संबंधित दस्तावेज जब्त किए हैं। जामुल थाना क्षेत्र के प्रकरण में बैंक ऑफ बड़ौदा और पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र के प्रकरण में एक्सिस बैंक के संबंधित खातों का इस्तेमाल किया गया था। इस कार्रवाई में जामुल थाना, पद्मनाभपुर थाना और एसीसीयू दुर्ग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस टीमों ने बैंक खातों के लेन-देन का विश्लेषण करने के साथ ही तकनीकी साक्ष्य एकत्रित कर आरोपियों की पहचान सुनिश्चित की। दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि कमीशन या आर्थिक लाभ के लालच में अपना बैंक खाता, एटीएम कार्ड, पासबुक, चेकबुक अथवा मोबाइल सिम कार्ड किसी अन्य व्यक्ति को उपलब्ध न कराएं। ऐसा करने पर खाताधारक भी साइबर अपराध से संबंधित कानूनी कार्रवाई के दायरे में आ सकते हैं। पुलिस ने कहा है कि बैंक खाते या बैंकिंग दस्तावेजों का दुरुपयोग होने पर तत्काल संबंधित बैंक, नजदीकी पुलिस थाना अथवा साइबर पुलिस को सूचना दें। साइबर अपराध की शिकायत हेल्पलाइन नंबर 1930 अथवा आधिकारिक पोर्टल www.cybercrime.gov.in पर दर्ज कराएं और शिकायत की रसीद सहित संबंधित साक्ष्य सुरक्षित रखें।





