mor36garh-logo

बस्तर में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, गीदम में 14 किलो पैंगोलिन शल्क के साथ छह आरोपी गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ के गीदम में वन विभाग और पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए चौदह किलो पैंगोलिन शल्क बरामद किया और तस्करी में शामिल छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

 छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले के गीदम थाना क्षेत्र अंतर्गत वन विभाग ने वन्यजीव तस्करी के खिलाफ सफलता हासिल की है। विभाग ने पैंगोलिन की तस्करी करने वाले एक बड़े रैकेट का पर्दाफाश करते हुए छह आरोपियों को धर दबोचा है। आरोपियों के कब्जे से करीब 14 किलो पैंगोलिन का बहुमूल्य शल्क बरामद किया गया है। इस बड़ी कार्रवाई से क्षेत्र के वन्यजीव तस्करों में हड़कंप मच गया है।

मारुति ईको वैन से कर रहे थे तस्करी

योजना के मुताबिक संयुक्त टीम ने गीदम पुलिस थाने के ठीक सामने मुख्य मार्ग पर सघन नाकाबंदी कर दी। इसी दौरान संदिग्ध मारुति ईको वैन वहां पहुंची, जिसे टीम ने रोक लिया। वाहन की बारीकी से तलाशी ली गई तो तस्करों के शातिर तरीकों का खुलासा हुआ। तस्करों ने वाहन के इंजन बोनट और स्टेपनी के भीतर चालाकी से पैंगोलिन के शल्क छिपाकर रखे थे। वैन में सवार तीन आरोपियों से जब कड़ाई से पूछताछ की गई, तो उन्होंने अन्य साथियों और तस्करी के नेटवर्क के बारे में महत्वपूर्ण जानकारियां दीं।

जावंगा एजुकेशन सिटी के पास हुई दूसरी दबिश

वैन में सवार तस्करों से मिली जानकारी के आधार पर वन विभाग की टीम ने तुरंत आगे की कार्रवाई शुरू की। टीम ने जावंगा एजुकेशन सिटी के पास दबिश दी। वहां बाइक पर सवार होकर शल्क लेकर खड़े तीन अन्य संदिग्ध लोगों को भी धर दबोचा गया। इस पूरी कार्रवाई के दौरान वन विभाग ने तस्करों द्वारा इस्तेमाल की जा रही एक मारुति ईको वैन और दो मोटरसाइकिलें भी जब्त कर ली हैं। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि जब्त किया गया 14 किलो शल्क छह से सात पैंगोलिन वन्यजीवों को बेरहमी से मारकर इकट्ठा किया गया था।

वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई

वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार किए गए सभी छह आरोपी बीजापुर, सुकमा और दंतेवाड़ा जैसे विभिन्न जिलों के रहने वाले हैं। इन सभी आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत कठोर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Mor36garh

Mor36garh

Related News