mor36garh-logo

रेलवे का बड़ा डिजिटल कदम, अब घर बैठे बुक होगा रेल पार्सल, ‘घर से घर तक’ ऐप से मिलेगी डिलीवरी

शुरुआती चरण में इसे देश के 8 बड़े महानगरों में लागू किया जा रहा है, जिसका बाद में बिलासपुर-रायपुर सहित अन्य शहरों में विस्तार किया जाएगा।

रेल पार्सल सेवा अब पहले ज्याद प्रभावी, सरल व सुविधाजनक हो गई है। रेलवे ने एक नई पहल की है। रेल पार्सल ऐप – घर से घर तक विकसित किया गया है। यह एप मोबाइल (एंड्राइड व आइओएस) व वेबसाइट, दोनों माध्यमों पर उपलब्ध होगा। इस एप के सुचारु संचालन एवं देशभर में विस्तार के लिए प्रारंभिक स्तर पर आठ बड़े शहरों पर लागू किया जाएगा। इसके माध्यम से ग्राहकों को अपना पार्सल लेकर रेलवे पार्सल कार्यालय जाने और कागजी औपचारिकताएं की झंझट नहीं रहेगी। सभी सुविधाएं घर बैठें मिलेंगी। हालांकि प्रारंभिक चरण में यह एप देश के आठ प्रमुख शहर दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, चेन्नई, अहमदाबाद, हैदराबाद, बेंगलुरु एवं पुणे में लागू किया जाएगा। इसके बाद इसे चरणबद्ध रूप से पूरे देश में विस्तारित करने की योजना है। जिसमें बिलासपुर, रायपुर, कोरबा, दुर्ग जैसे शहर भी शामिल होंगे। इस एप के माध्यम से आनलाइन बुकिंग पर ग्राहक अपने मोबाइल नंबर से एप पर पंजीकरण कर पार्सल का विवरण, प्रस्थान एवं गंतव्य स्टेशन दर्ज कर बुकिंग कर सकेंगे। पिकअप व डिलीवरी सेवाएं वैकल्पिक होंगी। ग्राहक एप पर पिकअप के लिए उपलब्ध समय-स्लाट भी देख सकेंगे। पैकिंग एवं भंडारण जैसी अतिरिक्त सेवाएं भी वैकल्पिक रूप से ली जा सकेंगी। सबसे राहत की बात यह है कि एपप दर्ज बुकिंग विवरण ही डिजिटल फारवर्डिंग नोट के रूप में मान्य होगा। रेल यात्रा भाग के लिए भौतिक पार्सल वे-बिल की आवश्यकता नहीं होगी ; डिजिटल रसीद एवं ओटीपी पर्याप्त होंगे।

रेल पार्सल एप की प्रमुख विशेषताएं

एक ही भुगतान में सभी सेवाएं : रेल भाड़ा, पिकअप-डिलीवरी शुल्क एवं अन्य सेवाओं का भुगतान एक ही लेन-देन में यूपीआई, डेबिट/क्रेडिट कार्ड, नेट बैंकिंग से किया जा सकेगा।

रियल-टाइम ट्रैकिंग : प्रत्येक पार्सल को 10 अंकों का विशिष्ट ट्रैकिंग नंबर मिलेगा। पार्सल के लोड होने, ट्रेन के गंतव्य पर पहुंचने तथा पार्सल के डिलीवरी होने पर एप एवं पंजीकृत मोबाइल नंबर पर स्वचालित सूचना भेजी जाएगी।

सुरक्षित डिलीवरी : पार्सल की डिलीवरी ओटीपी आधारित सत्यापन के माध्यम से की जाएगी।

बीमा का विकल्प : रेल परिवहन भाग के लिए रेलवे नियमों के अनुसार पार्सल का मूल्य घोषित करने/बीमा का विकल्प उपलब्ध रहेगा।

पिकअप से पहले बुकिंग रद पर नियमानुसार राशि होगी रिफंड

इस एप को लेकर बुकिंग एवं रद करने संबंधी नियमों का निर्धारण किया गया है। इसके तहत पार्सल की बुकिंग ट्रेन के निर्धारित प्रस्थान से अधिकतम 15 दिन पहले से लेकर न्यूनतम एक दिन पहले तक, स्थान की उपलब्धता के अनुसार की जा सकेगी। पिकअप से पहले बुकिंग रद करने पर नियमानुसार राशि रिफ़ंड की जाएगी। पिकअप-डिलीवरी शुल्क की वापसी संबंधित लाजिस्टिक्स सेवा प्रदाता की रिफंड नीति के अनुसार होगी, जिसकी जानकारी बुकिंग के समय ही दी जाएगी।

घर बैठे मिलने वाली इस सुविधा का लाभ

ग्राहकों का समय एवं श्रम बचेगा।

छोटे व्यापारियों, किसानों एवं ई-कामर्स विक्रेताओं को लाभ।

पारदर्शिता

पर्यावरण के अनुकूल परिवहन

रेल पार्सल व्यवसाय में वृद्धि

Mor36garh

Mor36garh

Related News