छत्तीसगढ़ में प्रवर्तन निदेशालय ने रायपुर के पंडरी स्थित ‘सुशील विला’ और दुर्ग जिले में छापेमारी की। एजेंसी घर के अंदर दस्तावेज खंगाल रही है, हालांकि कार्रवाई की वजह अभी स्पष्ट नहीं है।
डिजिटल डेस्क, रायपुर।
छत्तीसगढ़ में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है। मंगलवार सुबह ईडी की टीम ने राजधानी रायपुर के पंडरी इलाके में स्थित ‘सुशील विला’ में छापा मारा। इसके साथ ही दुर्ग जिले में भी जांच एजेंसी के धमकने की खबर है। फिलहाल टीम घर के भीतर दस्तावेजों को खंगालने में जुटी हुई है और इलाके में हलचल तेज हो गई है।
रायपुर के सुशील विला में घंटों से पड़ताल जारी
जानकारी के मुताबिक, रायपुर के पंडरी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले रवि नगर में ‘सुशील विला’ नाम के एक बंगले पर ईडी के अधिकारियों ने सुबह-सुबह दबिश दी। टीम के सदस्य विला के अंदर मौजूद हैं और लगातार वहां रखे अहम कागजातों और दस्तावेजों की बारीकी से जांच कर रहे हैं। इस दौरान किसी को भी अंदर आने या बाहर जाने की इजाजत नहीं दी गई है।




