सीतापुर। सरगुजा के सीतापुर में इन दिनों बाइकर्स गैंग का आतंक थमने का नाम नही ले रहा है। नियम कानून की धज्जियां उड़ाने वाले बाइकर्स गैंग ने इस बार दिव्यांग शिक्षक को अपना शिकार बना लिया।
लाल बंगला के पास हुआ हादसा
घटना 14 अप्रैल की है। ग्राम नावाटोली ढेलसरा निवासी 45 वर्षीय बाइक सवार दिव्यांग शिक्षक राजन टोप्पो परिवार समेत दोपहर के समय सीतापुर से अपने घर वापस जा रहे थे। तभी पुरानी बस्ती स्थित लाल बंगला के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार मोडिफाइड साइलेंसर बाइक क्र-CG15E C8252 पर सवार युवकों ने उन्हें ठोकर मार दी।
बाइक छोड़कर भागे युवक
तेज रफ्तार बाइक की ठोकर से दिव्यांग शिक्षक संभल नही पाये और परिवार समेत दूर जा गिरे। बाइक सवार दोनों युवक घटनास्थल पर बाइक छोड़ मौके से फरार हो गये। युवकों की बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई।
शिक्षक को आई गंभीर चोटें
घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने घायल शिक्षक को उपचार के लिए हॉस्पिटल पहुँचाया। तेज रफ्तार बाइक की ठोकर से दिव्यांग शिक्षक के सीने में गंभीर चोटें आई है और उन्हें सांस लेने में काफी दिक्कत हो रही है। डॉक्टर एवं घरवालों की देखरेख में उनका उपचार जारी है।
आक्रोशित नगरवासियों का कहना
इस संबंध में आक्रोशित नगरवासियों का कहना है कि पुलिस नगर में आतंक का पर्याय बन चुके बाइकर्स गैंग के विरुद्ध अभियान चलाकर कार्यवाही करे नही तो मजबूरन लोगो को कानून अपने हाथ मे लेना पड़ेगा।
पुलिस का एक्शन
घायल शिक्षक की सूचना पर पुलिस ने बाइक चला रहे युवकों के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मौके पर पहुँची बाइक को जब्त कर थाने ले गई, युवकों की तलाश जारी है।


