साल 2026 की पवित्र अमरनाथ यात्रा शुरू होने में अभी समय बाकी है, लेकिन पवित्र गुफा से बाबा बर्फानी की पहली तस्वीर सामने आ गई है. इस बार महादेव अपने पूर्ण स्वरूप में प्रकट हुए हैं, जिसे देखकर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह है.
हर साल की तरह इस बार भी अमरनाथ गुफा से भक्तों के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है. अमरनाथ यात्रा 2026 शुरू होने से पहले ही बाबा बर्फानी के पहले दर्शन हो गए हैं. सामने आई तस्वीर में बर्फ से प्राकृतिक रूप से बने शिवलिंग का पूर्ण और भव्य स्वरूप दिखाई दे रहा है, जिसे देखकर श्रद्धालुओं में खुशी की लहर दौड़ गई है. हर साल की तरह इस बार भी बाबा का पूर्ण आकार में प्रकट होना बेहद शुभ संकेत माना जा रहा है, जिससे भक्तों में खास उत्साह देखने को मिल रहा है.
कब से शुरू होगी अमरनाथ यात्रा 2026?
इस साल अमरनाथ यात्रा 3 जुलाई 2026 से शुरू होकर 28 अगस्त 2026 (रक्षा बंधन) तक चलेगी. कुल 57 दिनों तक चलने वाली इस पवित्र यात्रा के लिए पंजीकरण 15 अप्रैल 2026 से शुरू किया जाएगा. श्रद्धालु श्राइन बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट के साथ-साथ पीएनबी, एसबीआई और जम्मू-कश्मीर बैंक की शाखाओं के माध्यम से भी अपना रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं.
अमरनाथ यात्रा का धार्मिक महत्व
अमरनाथ यात्रा हिंदू धर्म की सबसे पवित्र और कठिन यात्राओं में से एक मानी जाती है. मान्यता है कि इसी गुफा में भगवान शिव ने माता पार्वती को अमरत्व का रहस्य बताया था. इसी कारण इस स्थान को अमरनाथ कहा जाता है. इस गुफा में हर साल प्राकृतिक रूप से बर्फ का शिवलिंग बनता है, जिसे बाबा बर्फानी कहा जाता है. यह शिवलिंग चंद्रमा के आकार के अनुसार घटता-बढ़ता है, जो इसे और भी रहस्यमयी बनाता है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, जो भक्त पूरी श्रद्धा और भक्ति के साथ इस यात्रा को पूरा करता है, उसके सभी पाप नष्ट हो जाते हैं और उसे मोक्ष की प्राप्ति होती है.
कठिन लेकिन आस्था से भरी यात्रा
अमरनाथ यात्रा बेहद कठिन मानी जाती है, क्योंकि इसमें ऊंचे पहाड़, बर्फीले रास्ते और ठंडे मौसम का सामना करना पड़ता है. इसके बावजूद हर साल लाखों श्रद्धालु इस यात्रा में शामिल होते हैं. इसलिए यह यात्रा न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि साहस, धैर्य और विश्वास की भी परीक्षा मानी जाती है. अब सभी श्रद्धालु 3 जुलाई का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं, जब वे बाबा बर्फानी के दिव्य दर्शन कर सकेंगे.





