राजधानी रायपुर में एक बार फिर हत्या की वारदात सामने आई है। उरला थाना क्षेत्र स्थित गर्ग एग्रो कोल्ड स्टोरेज कंपनी में काम करने वाले मजदूर की हत्या कर दी गई है। मृतक की पहचान संतोष सोनवानी के रूप में हुई है, जो महासमुंद का रहने वाला था।
पुलिस ने साथी कर्मचारियों की सूचना पर आरोपी को सतना से पकड़ लिया है। आरोपी का नाम रमाकांत तिवारी बताया जा रहा है। पुलिस आरोपी को सड़क मार्ग से रायपुर ला रही है। काम करने से मना करने पर वारदात को अंजाम देना बताया जा रहा है।
दरअसल गर्ग एग्रो कोल्ड स्टोरेज कंपनी में संतोष सोनवानी मजदूरी का काम करता था। 5 अप्रैल की शाम वह ड्यूटी पर था, तभी उसके साथी रमाकांत तिवारी ने उसे कुछ काम करने के लिए कहा। संतोष के मना करने पर रमाकांत ने उस पर लोहे की पाइप से हमला कर दिया।
पाइप सिर में लगने से मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया। कंपनी के कर्मचारियों ने 6 अप्रैल की सुबह पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की और तकनीकी आधार पर आरोपी को सतना से गिरफ्तार कर लिया। पूरे मामले का खुलासा रायपुर पुलिस के अधिकारी आज करेंगे।
मजदूर दहशत में
घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। कंपनी में काम करने वाले अन्य मजदूरों में भी दहशत का माहौल है। पुलिस आसपास के लोगों और कर्मचारियों से पूछताछ कर रही है, ताकि मामले के सभी पहलुओं को स्पष्ट किया जा सके। फिलहाल उरला थाना पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।





