पखांजूर। छत्तीसगढ़ के पखांजूर में जमीन विवाद ने खूनी रूप ले लिया। युवक की हत्या के बाद सैकड़ों ग्रामीण आक्रोशित हो उठे और थाना-तहसील का घेराव कर दिया। गुस्साए लोगों ने आरोपियों पर सख्त कार्रवाई के साथ बुलडोजर एक्शन की मांग की। पुलिस ने 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
ग्रामीणों का आरोप है कि हत्या के पीछे मुख्य वजह लंबे समय से चला आ रहा ज़मीन विवाद है। उन्होंने मांग की कि आरोपियों को सिर्फ गिरफ्तार करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी अवैध रूप से अर्जित संपत्तियों पर बुलडोजर कार्रवाई भी की जाए। प्रदर्शनकारियों ने तहसीलदार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की, जिससे पूरे क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बन गया। महिलाएं और युवा भी बड़ी संख्या में सड़कों पर उतर आए और न्याय की गुहार लगाने लगे।
पुलिस ने क्या कार्रवाई की?
स्थिति को संभालने के लिए पखांजूर के एएसपी राकेश कुर्रे मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों से शांति बनाए रखने की अपील की और उन्हें आश्वासन दिया कि दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस प्रशासन ने मामले में त्वरित एक्शन लेते हुए हत्या से जुड़े 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल सभी आरोपियों को पुलिस हिरासत में रखा गया है और आगे की जांच जारी है।
प्रशासन ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि कोई अप्रिय घटना न हो। ग्रामीणों को शांत कराने के प्रयास लगातार जारी हैं। स्थानीय नेताओं और प्रशासनिक अधिकारियों के बीच बातचीत भी चल रही है, जिसमें मांगों पर विचार करने का आश्वासन दिया गया है।





