mor36garh-logo

धरसीवा में खनिज विभाग की ताबड़तोड़ कार्रवाई, 4 क्रेशर सील

रायपुर। रायपुर कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के निर्देश एवं डिप्टी डायरेक्टर खनिज राजेश मालवे के मार्गदर्शन में खनिज विभाग ने शनिवार को धरसीवा विधानसभा क्षेत्र में ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए चार क्रेशर सील किए. यह कार्रवाई धरसीवा विधानसभा के खरोरा ब्लॉक अंतर्गत ग्राम धनसुली और मुरा में की गई.

सहायक खनिज अधिकारी उमेश भार्गव के नेतृत्व में टीम ने अचानक छापा मारकर चूना पत्थर खदानों और क्रेशर इकाइयों की जांच की. जांच के दौरान ग्राम धनसुली स्थित श्री महालक्ष्मी लाइम स्टोन (प्रो. जितेन्द्र अग्रवाल), आशापुरा स्टोन क्वारी (प्रो. बाड़ीलाल पटेल), आशीष अग्रवाल की खदान और राजेश भवनानी का क्रेशर, वहीं ग्राम मुरा स्थित रीराम इंटरप्राइजेज (प्रो. प्रकाश आडवाणी) की इकाई का निरीक्षण किया गया. निरीक्षण में पाया गया कि कई खदानों में खनिज एवं पर्यावरण नियमों का उल्लंघन करते हुए खनन कार्य किया जा रहा था. साथ ही क्रेशर इकाइयों में स्वीकृत क्षमता से अधिक भंडारण और अवैध भंडारण भी मिला.

गंभीर अनियमितताओं को देखते हुए विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए 4 क्रेशर को सील कर बंद कर दिया है. संबंधित संचालकों को नोटिस जारी किया गया है. गौरतलब है कि खनिज विभाग की टीम ने तीन दिन पूर्व मंदिरहसौद क्षेत्र में भी इसी तरह की कार्रवाई करते हुए कई इकाइयों को सील किया था. लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से अवैध खनन पर सख्ती का संकेत मिल रहा.

Mor36garh

Mor36garh

Related News