mor36garh-logo

आज से शुरू होगा जनगणना का पहला चरण, घर बैठे खुद भर सकते हैं फॉर्म? जानिए आपको क्या करना होगा

पहली बार जनता को खुद अपनी जानकारी पोर्टल पर भरने का विकल्प दिया गया है. आपकी सुरक्षा के लिए यह पूरा डेटा गोपनीय रखा जाएगा और आरटीआई के दायरे से भी बाहर रहेगा.

भारत के लोकतांत्रिक इतिहास में आज यानी बुधवार (1 अप्रैल 2026) को एक बेहद महत्वपूर्ण अध्याय जुड़ने जा रहा है. आज से देश की नई जनगणना का पहला चरण आधिकारिक तौर पर शुरू हो गया है. वैसे तो यह काम साल 2021 में ही हो जाना चाहिए था, लेकिन कोरोना महामारी की वजह से इसमें देरी हुई. अब सरकार इसे नए कलेवर और नई तकनीक के साथ ‘डिजिटल जनगणना’ के रूप में पेश कर रही है.

यह आजादी के बाद की 8वीं जनगणना है. आज से लेकर 30 सितंबर 2026 के बीच अलग-अलग राज्यों में जनगणनाकर्मी आपके दरवाजे पर दस्तक देंगे. लेकिन इस बार खास बात यह है कि आपको जनगणनाकर्मी का इंतजार करने की जरूरत नहीं है, आप खुद भी अपनी जानकारी ऑनलाइन भर सकते हैं.

क्या है पहला चरण और क्या पूछे जाएंगे सवाल?

जनगणना के इस पहले चरण को मकान सूचीकरण और आवास गणना (HLO) कहा जाता है. इसका मुख्य उद्देश्य यह जानना है कि देश के लोग किस तरह के मकानों में रहते हैं और उनके पास क्या-क्या सुविधाएं हैं. सरकार ने इसके लिए 33 सवालों की एक लिस्ट तैयार की है.

जब जनगणना अधिकारी आपके घर आएंगे, तो वे आपसे कुछ बुनियादी सवाल पूछेंगे-

  • मकान की जानकारी: मकान नंबर क्या है? छत, दीवार और फर्श किस चीज (मिट्टी, सीमेंट, पत्थर) से बने हैं?
  • परिवार का विवरण: घर में कुल कितने सदस्य हैं? मुखिया कौन है? परिवार अनुसूचित जाति (SC) या जनजाति (ST) श्रेणी से है या नहीं?
  • सुविधाएं: पीने के पानी का जरिया क्या है? बिजली का कनेक्शन है या नहीं? घर में शौचालय और रसोई की क्या व्यवस्था है? क्या आपके पास एलपीजी (LPG) या पीएनजी (PNG) कनेक्शन है?
  • संपत्ति और गैजेट्स: क्या आपके घर में रेडियो, टीवी, इंटरनेट, लैपटॉप या स्मार्टफोन है? आपके पास साइकिल, मोटरसाइकिल या कार में से क्या-क्या है? आप मुख्य रूप से कौन सा अनाज खाते हैं?

खुद बनें अपनी जानकारी के सारथी

इस बार की जनगणना की सबसे बड़ी और आधुनिक विशेषता है- सेल्फ-एन्युमरेशन यानी स्व-गणना. इसका मतलब है कि अब आप खुद वेब-पोर्टल पर जाकर अपनी और अपने परिवार की जानकारी दर्ज कर सकते हैं.

कैसे करें ऑनलाइन एंट्री?

सबसे पहले आधिकारिक पोर्टल https://se.census.gov.in पर जाएं. अपने मोबाइल नंबर से लॉगिन करें. पोर्टल पर मौजूद नक्शे पर अपने घर की लोकेशन मार्क करें. परिवार की पूरी जानकारी भरें और सबमिट कर दें. सबमिट करते ही आपको 16 अंकों की एक सेल्फ-एन्युमरेशन आईडी (SE ID) मिलेगी.

जब बाद में जनगणना कर्मचारी आपके घर आएगा, तो आपको बस उसे यह आईडी दिखानी होगी. इससे न तो आपको लंबे सवाल-जवाब करने होंगे और न ही कर्मचारी का ज्यादा समय खर्च होगा. आप घर-घर सर्वे शुरू होने से 15 दिन पहले तक यह काम कर सकते हैं. उदाहरण के लिए, दिल्ली में अगर सर्वे 16 अप्रैल से शुरू है, तो आप 1 से 15 अप्रैल के बीच खुद जानकारी भर सकते हैं.

पूरी तरह गोपनीय रहेगा आपका डेटा

अक्सर लोगों के मन में डर होता है कि उनकी निजी जानकारी कहीं लीक न हो जाए. सरकार ने साफ किया है कि जनगणना का डेटा पूरी तरह गोपनीय है. आपकी जानकारी का इस्तेमाल किसी अदालत में सबूत के तौर पर या किसी सरकारी लाभ को काटने के लिए नहीं किया जा सकता. यहां तक कि RTI (सूचना का अधिकार) के जरिए भी जनगणना की व्यक्तिगत जानकारी सार्वजनिक नहीं की जाती.

क्यों जरूरी है यह जनगणना?

जनगणना सिर्फ सिर गिनने का काम नहीं है. इसके जरिए सरकार को पता चलता है कि देश में कितने घर पक्के हैं, कितने लोगों के पास साफ पानी पहुंच रहा है और कहां विकास की सबसे ज्यादा जरूरत है. इसी डेटा के आधार पर अगले 10 सालों की योजनाएं और बजट तैयार किया जाता है.

केंद्रीय गृह मंत्रालय की देखरेख में राज्य सरकारों की मशीनरी इस विशाल काम को पूरा करेगी. यह पूरी प्रक्रिया लगभग एक साल तक चलेगी, जिसके बाद भारत के पास अपनी आबादी और संसाधनों का एक सटीक और डिजिटल डेटा मौजूद होगा.

Mor36garh

Mor36garh

Related News